छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ट्रेलर ने स्कॉर्पियो काे मारी टक्कर, चार लोगों की माैत,एक गंभीर घायल
बिलासपुर, 27 फरवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर संबलपुरी के पास हुआ, जहां रॉन्ग साइड से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कॉर्पियो वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग पास के एक ढाबे पर भोजन करने गए थे। लौटते समय सामने से गलत दिशा में आ रहे ट्रेलर ने वाहन को सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे, विशाल लहरे, अनमोल लहरे और देवेंद्र मिरी के रूप में की गई है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल शिक्षक चंद्रप्रकाश रात्रे को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
इस भीषण सड़क दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावहता साफ देखी जा सकती है। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

