प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के तीन रेलवे स्टेशनों- चांपा, बालोद और सरोना का किया वर्चुअल लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के तीन रेलवे स्टेशनों- चांपा, बालोद और सरोना का किया वर्चुअल लोकार्पण


रायपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत छत्तीसगढ़ के तीन रेलवे स्टेशनों- चांपा, बालोद और सरोना का आज वर्चुअल लोकार्पण किया। इन स्टेशनों के पुनर्विकास पर ₹33 करोड़ की लागत आई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री और केंद्रीय रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में रेल अधोसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ को एक बड़ी सौगात दी है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चांपा, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री का आभार जताया है।

इन स्टेशनों पर सर्वसुविधा युक्त प्रतीक्षालय, चौड़े फुट ओवर ब्रिज, आधुनिक सर्कुलेटिंग एरिया और उन्नत प्रकाश व्यवस्था की गई है। स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देने के साथ-साथ वहां स्थानीय लोक कला, संस्कृति और परंपराओं को भी डिजाइन में प्रमुखता से शामिल किया गया है। सभी पुनर्विकसित स्टेशनों को दिव्यांगजन-अनुकूल यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।

मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के चांपा, बालोद एवं सरोना रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण प्रदेश के रेल अधोसंरचना विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित ये स्टेशन यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के साथ व्यापार, पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था एवं क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देंगे। डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। इस जनहितकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री मोदी एवं रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार एवं धन्यवाद।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story