छत्तीसगढ़ में पावर प्लांट हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 20 हुई

WhatsApp Channel Join Now


छत्तीसगढ़ में पावर प्लांट हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 20 हुई


रायपुर/सक्ती, 15 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट (सिंगीतराई) मे बॉयलर फटने से हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। इस दर्दनाक हादसे में घायल 16 मजदूरों का इलाज अभी चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

सक्ती जिले के एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है।

सूत्रों के अनुसार पावर प्लांट की बॉयलर यूनिट-1 में स्टील पाइप के वाटर सप्लाई पाइप के जोड़ में तकनीकी खराबी के कारण बॉयलर ब्लास्ट हुआ, जिससे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। मृतकों में 5 छत्तीसगढ़ से हैं, जबकि बाकी उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से हैं।

जिन 20 मृतकों की पहचान हुई है, उनमें रितेश कुमार (बिहार), अमृत लाल पटेल (छत्तीसगढ़), ठंडा राम लहरे (छत्तीसगढ़), तरुण कुमार ओझा (झारखंड), आकिब खान (बिहार), सुसांता जना (पश्चिम बंगाल), अब्दुल करीम (झारखंड), उधब सिंह यादव (छत्तीसगढ़), शेख सैफुद्दीन (पश्चिम बंगाल), पप्पू कुमार (उत्तर प्रदेश), अशोक परहिया (झारखंड), मानस गिरी (पश्चिम बंगाल), बृजेश कुमार (उत्तर प्रदेश), रामेश्वर महिलांगे (छत्तीसगढ़), कैलाश महतो (पश्चिम बंगाल), नदीम अंसारी (छत्तीसगढ़), शिबनाथ मुर्मू (पश्चिम बंगाल), चितरंजन धुलाई (मध्य प्रदेश), राजू राम (उत्तर प्रदेश), दीपांकर सिंह (पश्चिम बंगाल) शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि वेदांता कंपनी ने मृतकों के परिजनों को 35 लाख रुपये और घायलों को 15 लाख रुपये तक मुआवजा देने के साथ एक सदस्य को नौकरी देने का वादा किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के लिए 2 लाख और घायलों के लिए 50 हजार रुपए की सहायता राशि घोषित की है।वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story