छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में ईडी का दावा- 860 से ₹880 करोड़ की नकदी रायपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंचाई गई

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में ईडी का दावा- 860 से ₹880 करोड़ की नकदी रायपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंचाई गई


रायपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी ) ने छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले में बड़ा दावा करते हुए कहा है कि कांग्रेस की पिछली सरकार के दौरान घोटाले से अर्जित ₹860 से ₹880 करोड़ की नगद राशि रायपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय 'राजीव भवन' पहुंचाई गई थी । ईडी ने आज (सोमवार) यह जानकारी दी है।

रामगोपाल अग्रवाल को शराब घोटाले के संबंध में अगस्त 2026 में गिरफ्तार किया था और वे फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में हैं। ईडी ने उन्हें 9 अक्टूबर 2026 को ₹147 करोड़ के कथित चावल मिलिंग घोटाले से जुड़े एक अन्य मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भी गिरफ्तार किया है, जिसमें अदालत ने उन्हें 5 दिनों की ईडी रिमांड पर भेजा है।अग्रवाल को ईडी ने नौ अक्टूबर को कस्टम मिलिंग घोटाले में गिरफ्तार कर मंगलवार तक रिमांड पर लिया हैं।

ईडी ने जांच में पाया कि वर्ष 2019 से 2023 के बीच शराब सिंडिकेट ने आबकारी विभाग और छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कार्पोरेशन लिमिटेड (सीएसएमसीएल) को नियंत्रित कर कथित तौर पर 2,883 करोड़ रुपये से अधिक की अपराध की कमाई अर्जित की।

ईडी की जांच के अनुसार, सिंडिकेट द्वारा उत्पन्न किए गए कैश का एक बड़ा हिस्सा लक्ष्मी नारायण बंसल उर्फ पप्पू बंसल संभालता था। रामगोपाल अग्रवाल के निर्देशों पर इस नगदी को रायपुर के शंकर नगर स्थित छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय 'राजीव भवन' पहुंचाया जाता था। बताया गया है कि सिंडिकेट से जुड़े लोग यह नगद राशि राजीव भवन ले जाते थे और वहां रामगोपाल अग्रवाल के अधीन काम करने वाले अकाउंटेंट देवेंद्र डडसेना को सौंपते थे।

एजेंसी का आरोप है कि इस चैनल के जरिए पहुंचे ₹860-₹880 करोड़ में से करीब ₹72 करोड़ सीधे रामगोपाल अग्रवाल के नियंत्रण में थे, जिसे उनके निर्देशों पर ही रखा, उपयोग या वितरित किया गया था। ईडी के अनुसार, सिंडिकेट के डिजिटल रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और गवाहों के बयान इन दावों की पुष्टि करते हैं।

उल्लेखनीय है कि ईडी ने 10 अक्टूबर 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए रामगोपाल अग्रवाल की दो अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया। कुर्क किए गए इन संपत्तियों में रायपुर के अनुपम नगर और कटोरा तालाब इलाकों में स्थित दो फ्लैट शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत ₹9.06 करोड़ आंकी गई है।शराब घोटाला मामले में ईडी द्वारा अब तक जब्त या फ्रीज की गई कुल संपत्ति का आंकड़ा बढ़कर ₹610.34 करोड़ हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759801 Articles

Share this story