(अपडेट)छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, बिजली गिरने से उप सरपंच समेत 3 की मौत

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट)छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, बिजली गिरने से उप सरपंच समेत 3 की मौत


(अपडेट)छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, बिजली गिरने से उप सरपंच समेत 3 की मौत


रायपुर, 12 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में गुरुवार देर शाम और शुक्रवार की सुबह अचानक आए तेज आंधी-तूफान, मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित हो गया है। कई इलाकों में पेड़ उखड़ने, बिजली गुल होने और मोबाइल टॉवर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। कांकेर जिले में शुक्रवार सुबह अंतागढ़ में मनरेगा कार्य के दौरान पेड़ के नीचे खड़े ग्रामीणों पर बिजली गिरने से उप सरपंच समेत 3 लोगों की मौत हो गई और 5 घायल हो गए हैं।

कांकेर जिले के अंतागढ़ के ग्राम कन्हारगांव में मनरेगा कार्य के दौरान अचानक आए तूफान और बारिश से बचने के लिए ग्रामीण महुआ पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से उप-सरपंच सहित 3 ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। कांकेर जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, वज्रपात की यह घटना बेहद दुखद है। घायल ग्रामीणों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के परिजनों को शासन के नियमानुसार आपदा राहत कोष से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मुआवजा राशि शीघ्र ही स्वीकृत कर प्रदान की जाएगी।

तेज हवाओं के दबाव के कारण कई क्षेत्रों में मोबाइल टॉवर गिरने और क्षतिग्रस्त होने की खबरें हैं, जिससे संचार सेवाएं बाधित हुई हैं। गुरुवार देर शाम राजधानी रायपुर और आसपास वीआईपी रोड, शंकर नगर और मोवा जैसे प्रमुख इलाकों में भारी बारिश और आंधी के कारण पेड़ व बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे लंबा जाम लग गया और कई जगह ब्लैकआउट जैसी स्थिति बन गई।

बालोद जिले में गुरुवार को आई तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। जिले के ग्राम भेड़िया नवागांव में शुक्रवार तड़के आए भीषण आंधी-तूफान के कारण 131 फीट ऊंचा बीएसएनएल का मोबाइल टॉवर गिर गया। अधिकारियों ने बताया है कि टॉवर आबादी क्षेत्र से दूर खेत में गिरा, जिससे जनहानि नहीं हुई।

बालोद जिला विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता और स्थानीय प्रशासन ने बयान जारी कर बताया है, अंधड़ के कारण इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान पहुंचा है। विद्युत कर्मियों की कई टीमें युद्धस्तर पर खंभों को दुरुस्त करने और पेड़ों को हटाने के काम में जुटी हैं। जिला प्रशासन के अनुसार बिजली के खंभे और 50 से अधिक पेड़ भी धराशायी हो गए। इसके चलते कई गांवों में ब्लैकआउट जैसे हालात बन गए। वहीं मुंगेली में गुरुवार शाम आई तेज आंधी से एक सरकारी शराब दुकान का पूरा टिन शेड हवा में उड़ गया।

तेज आंधी के दौरान कई मकानों की छतों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई। बिजली विभाग के कर्मचारी बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे हुए हैं। वहीं सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने का काम किया जा रहा है।

कोरबा में भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 130 (NH-130) पर भयंकर जलभराव हो गया, जिससे कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। जिला यातायात पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों ने कहा है कि सड़क निर्माण और ड्रेनेज (निकासी) जाम होने के कारण यह स्थिति बनी। नगर निगम के अमले को पंप लगाकर पानी निकालने के निर्देश दिए गए हैं और ट्रैफिक को सुचारू करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

मुंगेली जिले के स्थानीय राजस्व अधिकारियों ने बताया, तेज हवाओं से हुए नुकसान का आकलन (सर्वे) किया जा रहा है। कई लोगों के मकानों को क्षति पहुंची है, उन्हें आरबीसी 6-4 के तहत मुआवजा दिया जाएगा।

बिलासपुर जिला प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार रात और शुक्रवार को आई तेज आंधी-तूफान के तेज अंधड़ के कारण पेड़ बिजली की लाइनों पर गिरे हैं, जिससे फॉल्ट आया है । मेंटेनेंस टीमें तुरंत मौके पर भेजी गई हैं। प्रभावित क्षेत्रों में पेड़ों की छंटाई कर जल्द ही बिजली बहाल कर दी जाएगी। सरगुजा और आसपास के ग्रामीण अंचलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश की जानकारी देते हुए नगर निगम अंबिकापुर और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने कहा, बारिश के कारण ड्रेनेज जाम की वजह से जिन निचले इलाकों में पानी भरा था, वहां से निगम का अमला पंप लगाकर पानी निकालने का काम कर रहा है।

मौसम केंद्र रायपुर ने चेतावनी दी है कि बिलासपुर और सरगुजा संभाग में अगले 48 घंटों तक 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

_______________

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story