छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी ने स्कॉटलैंड में 199 किलो वजन उठाकर जीता सिल्वर मेडल
रायपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में राष्ट्रमंडल खेल-2026 के मंच पर आयोजित वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में जिले की बेटी ज्ञानेश्वरी ने भारत के लिए रजत पदक जीता है। 53 किग्रा वर्ग में उन्होंने कुल 199 किलो वजन उठाकर देश का मान बढ़ाया है।
सोमवार को ग्लास्गो में हुई 53 किग्रा महिला वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में ज्ञानेश्वरी ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने स्नैच में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम वजन उठाया। इस तरह कुल 199 किलोग्राम के साथ उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया।
इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक नाइजीरिया की ओनोमे ओमोलोला डिडिह ने 206 किलोग्राम के साथ जीता। वहीं कांस्य पदक कनाडा की रेबेका ग्रूलक्स को 178 किलोग्राम के साथ मिला। ज्ञानेश्वरी ने कड़े मुकाबले में दूसरा स्थान हासिल कर भारत का परचम लहराया।
ज्ञानेश्वरी की इस जीत से पूरे राजनांदगांव में खुशी की लहर है। परिवार और कोच ने कहा कि ये सिर्फ शुरुआत है, आगे गोल्ड मेडल का लक्ष्य है।ज्ञानेश्वरी ने फोन पर अपने माता को कहा देश के लिए खेलना गर्व की बात है। सिल्वर से संतुष्ट नहीं हूं, अगली बार गोल्ड लाकर आऊंगी।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

