छत्तीसगढ़ः एक सप्ताह में पीलिया से 5 लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ः एक सप्ताह में पीलिया से 5 लोगों की मौत


रायपुर /अंबिकापुर , 06 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट में पिछले एक सप्ताह के भीतर 4 गांवों में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। मृतकों में एक उपसरपंच और एक छात्र भी शामिल हैं, जबकि कई मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से बीमार हैं और अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। प्रशासन ने फ़िलहाल तीन लोगों के मौत की पुष्टि की है। दो लोगों के मौत की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

पीलिया से पांच लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। वहीं कई मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को गांवों में जाकर सर्वे किया। सरगुजा सीएमएचओ ने बताया कि दो मौतें पीलिया से होने की जानकारी मिली है। एक को क्रोनिक डिजीज था। बाकी मौतों की जानकारी की जांच की जा रही है। नर्मदापुर, कुनिया और बरिमा में पीलिया से कुछ लोगों के पीड़ित होने और मौत की जानकारी मिली थी। कुनिया में चार स्थानों के पानी का सैंपल लिया गया है।

पीलिया से जिन लोगों की मौत होने की बात कही जा रही है, उनमें कुनिया के पूर्व उप सरपंच जितेंद्र यादव, नर्मदापुर की भाग्यवती यादव, बरिमा के कक्षा 9वीं के छात्र विकास यादव और बइगहवा गांव की एक युवती शामिल हैं।

मैनपाट के पीलिया पीड़ित उदयभान यादव और सुभाष यादव का इलाज अंबिकापुर के माता राजरानी मेमोरियल हॉस्पिटल और जीवन ज्योति हॉस्पिटल में किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैंप लगाकर संभावित मरीजों की तलाश की जा रही है। इसके अलावा कई अन्य मरीजों का इलाज अंबिकापुर और रायपुर के अस्पतालों में चल रहा है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story