छत्तीसगढ़ में दवा कारोबारी से 15 करोड़ की रंगदारी की मांग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ में दवा कारोबारी से 15 करोड़ की रंगदारी की मांग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी


रायपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बड़े दवा कारोबारी से 15 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मोक्षित कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर शशांक चोपड़ा को अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और यह रकम मांगी। शिकायत के बाद पुलिस ने कारोबारी के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, कॉल करने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए 15 करोड़ रुपये की मांग की। आरोपित ने धमकी दी कि यदि तय रकम नहीं दी गई, तो परिवार के एक सदस्य की हत्या कर दी जाएगी। इस धमकी भरे फोन के बाद से कारोबारी के परिवार में दहशत का माहौल है। घटना के तुरंत बाद शशांक चोपड़ा ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की। 19 नवंबर 2026 को शशांक चोपड़ा के मोबाइल पर व्हाट्सऐप वॉइस नोट और कॉल के ज़रिए 15 करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकी मिली थी। धमकी मिलने के उसी दिन (19 नवंबर 2026) की शाम को उन्होंने दुर्ग के सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।

पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की सीधी संलिप्तता से इनकार किया है। जांच अधिकारियों के अनुसार, साइबर और विशेष टीम कॉल डिटेल रिकॉर्ड और विदेशी नंबर की लोकेशन खंगाल रही है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि फोन करने वाले ने केवल दहशत फैलाने के लिए गैंग का नाम इस्तेमाल किया है या इसके पीछे कोई स्थानीय साजिश है।

_______________

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story