महादेव सट्टा मामला: 15 करोड़ लेकर केस रफा-दफा कराने के आरोप में वकील हिमांशु शेखर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
महादेव सट्टा मामला: 15 करोड़ लेकर केस रफा-दफा कराने के आरोप में वकील हिमांशु शेखर गिरफ्तार


रायपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली स्थित वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित, महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक मुख्य आरोपित के रूप में चर्चा में हैं। उन पर इस मामले के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस को रफा-दफा कराने के नाम पर करीब 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप है। सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान हिमांशु शेखर का नाम सामने आने के बाद एजेंसी ने उसके खिलाफ शिकंजा कसा।

जानकारी के अनुसार ईडी ने सौरभ चंद्राकर को 13 नवंबर को कस्टोडियल रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की थी। 19 नवंबर तक चली इस पूछताछ के दौरान सौरभ ने हिमांशु शेखर से जुड़े कई अहम खुलासे किए। उसने जांच एजेंसी को बताया कि अपना मामला निपटवाने और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए उसने हिमांशु को करीब 15 करोड़ रुपये दिए थे।

जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि हिमांशु शेखर पिछले तीन वर्षों के दौरान कई बार दुबई गया था, जहां उसकी सौरभ चंद्राकर से मुलाकात हुई थी। आरोप है कि इन्हीं मुलाकातों के दौरान मामले को रफा-दफा कराने के लिए आर्थिक लेनदेन हुआ।

ईडी को आशंका थी कि हिमांशु शेखर देश छोड़कर दुबई भाग सकता है। इसके चलते उसके खिलाफ पहले ही लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि वह दुबई जाने की तैयारी में था, तभी मुंबई एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच के दौरान उसे रोक लिया गया। लुकआउट सर्कुलर के आधार पर सूचना मिलते ही ईडी ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

एजेंसी के सूत्रों के अनुसार शुक्रवार, 20 नवंबर को दोपहर करीब 3:03 बजे मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लुकआउट सर्कुलर के आधार पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें रोका था। इसके बाद ईडी (रायपुर) के अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में लिया और शनिवार, 21 नवंबर 2026 को तड़के 1:10 बजे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के बाद ईडी की टीम हिमांशु शेखर को रायपुर लेकर पहुंच रही है। यहां उसे विशेष अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की जा सकती है।

मामले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अनुसार, सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद सामने आया यह खुलासा जांच की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। एजेंसी अब इस बात की गहन पड़ताल कर रही है कि 15 करोड़ रुपये की कथित रकम का स्रोत क्या था, यह लेनदेन किन माध्यमों (जैसे हवाला या अन्य चैनल) से हुआ और मामले को प्रभावित करने या आरोपितों को राहत दिलाने में किन अन्य लोगों की भूमिका रही है।

महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद सामने आए इस खुलासे को जांच की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब ईडी की जांच का दायरा उन लोगों तक भी पहुंच सकता है, जिन्होंने कथित तौर पर मामले को प्रभावित करने या आरोपितों को राहत दिलाने के लिए आर्थिक लेनदेन किया था।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782190 Articles

Share this story