‘नेक्स्टजेन प्रशासनिक एवं ई‑शासन सुधार’ पर शिलांग में 13 से 14 जुलाई को केंद्र सरकार का राष्ट्रीय सम्मेलन
नई दिल्ली, 12 जुलाई (हि.स.)। केंद्र सरकार 13 से 14 जुलाई को शिलांग में ‘नेक्स्टजेन प्रशासनिक एवं ई‑शासन सुधार’ विषय पर राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगी। उद्घाटन सत्र को केंद्रीय राज्य मंत्री (कार्मिक) डॉ. जितेन्द्र सिंह और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा संबोधित करेंगे।
केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने बताया कि इस आयोजन का संचालन प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग मेघालय सरकार के सहयोग से करेगा। सम्मेलन में 30 से अधिक वक्ता, जिनमें वरिष्ठ अधिकारी, जिला कलेक्टर और शासन विशेषज्ञ शामिल होंगे, अपनी पुरस्कार‑विजेता पहलों और नवाचारपूर्ण प्रशासनिक अनुभव साझा करेंगे।
सम्मेलन का उद्देश्य अगली पीढ़ी के प्रशासनिक सुधारों, डिजिटल शासन और नागरिक‑केंद्रित सार्वजनिक सेवा वितरण पर विचार करना है। उद्घाटन सत्र में डीएआरपीजी सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा और मेघालय के मुख्य सचिव डॉ शकील पी अहमद भी संबोधित करेंगे। सम्मेलन में 300 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है, जिनमें केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, नीति निर्माता, शिक्षाविद और प्रशासनिक क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल होंगे।
दो दिवसीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री पुरस्कार विजेता पहलें (2023 और 2024), राष्ट्रीय ई‑शासन पुरस्कार प्राप्त परियोजनाएं, मेघालय सरकार की श्रेष्ठ प्रथाएं और उत्तर‑पूर्व क्षेत्र की डीएआरपीजी सहयोगी पहलें प्रस्तुत की जाएंगी। विषयों में जिला स्तरीय समग्र विकास, डिजिटल शासन, साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, उपभोक्ता संरक्षण, बैंकिंग, शहरी और ग्रामीण प्रशासन तथा तकनीक आधारित शासन शामिल होंगे।
सम्मेलन की शुरुआत मेघालय सरकार की श्रेष्ठ प्रथाओं पर विशेष सत्र से होगी, जिसमें राज्य की नवाचारपूर्ण प्रशासनिक पहलें और नागरिक‑केंद्रित सुधार प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री पुरस्कार विजेता पहलों और राष्ट्रीय ई‑शासन पुरस्कार प्राप्त परियोजनाओं पर सत्र होंगे।
उत्तर‑पूर्व क्षेत्र के विकास पर केंद्रित सत्र में बांस और अगरवुड मूल्य श्रृंखला, पर्यटन, क्षेत्रीय अवसंरचना, परियोजना निगरानी और अंतर‑राज्यीय सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही मेघालय, मिजोरम और नागालैंड की डीएआरपीजी सहयोगी पहलों को भी प्रस्तुत किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

