सीबीएसई का पोस्ट-रिजल्ट पोर्टल एक जून से खुलेगा, उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया होगी शुरू

WhatsApp Channel Join Now
सीबीएसई का पोस्ट-रिजल्ट पोर्टल एक जून से खुलेगा, उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया होगी शुरू


नई दिल्ली, 29 मई (हि.स.)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने घोषणा की है कि बोर्ड परीक्षा परिणामों के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए पोस्ट-रिजल्ट एक्टिविटीज पोर्टल अब एक जून 2026 से संचालित किया जाएगा। बोर्ड ने कहा कि यह निर्णय प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तकनीकी रूप से सुचारु और मूल्यांकन के उच्च मानकों को सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है।

सीबीएसई ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि जिन छात्रों को अपने परिणामों को लेकर कोई आपत्ति या संदेह है, वे निर्धारित पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। छात्रों की सुविधा के लिए बोर्ड ने टेली-काउंसलिंग हेल्पलाइन 1800-11-8004 और ईमेल resultcbse2026@cbseshiksha.in भी जारी किया है।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली को लेकर छात्रों और अभिभावकों की ओर से कई शिकायतें सामने आई थीं। तकनीकी गड़बड़ियों, पोर्टल के बार-बार ठप होने तथा उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी में त्रुटियों को लेकर सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा हुई थी। इसके बाद शिक्षा मंत्रालय ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर के विशेषज्ञों की मदद से पोर्टल की तकनीकी खामियों को दूर करने के निर्देश दिए थे।

सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल को अतिरिक्त तकनीकी मजबूती प्रदान की जा रही है ताकि बड़ी संख्या में आने वाले आवेदनों का बिना किसी बाधा के निपटान किया जा सके। बोर्ड ने छात्रों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story