सीबीएसई ने रिजल्ट पोर्टल पर साइबर हमलों के संबंध में शिकायत दर्ज कराई

WhatsApp Channel Join Now
सीबीएसई ने रिजल्ट पोर्टल पर साइबर हमलों के संबंध में शिकायत दर्ज कराई


नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने अपने पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल पर साइबर हमलों के संबंध में दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) यूनिट में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

सीबीएसई का कहना है कि उसके पोर्टल से देशभर के लाखों छात्रों के परीक्षा परिणाम घोषित किये जाते हैं, इसलिए इसके कामकाज में किसी भी प्रकार की बाधा से बड़ी संख्या में छात्रों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। जनता को भारी असुविधा हो सकती है। सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और छात्रों में बोर्ड के प्रति असंतोष पैदा हो सकता है। बोर्ड के अनुसार 2 जून को 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों के लिए उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन जैसी सेवाएं प्रदान करने के लिए लॉन्च किए गए इस पोर्टल पर पिछले तीन दिनों से लगातार और समन्वित साइबर हमले हो रहे हैं।

इन हमलों में देश के भीतर और बाहर के कई आईपी एड्रस से भारी मात्रा में दुर्भावनापूर्ण ट्रैफिक का इस्तेमाल किया गया। हमलावरों का स्पष्ट उद्देश्य प्लेटफॉर्म को अस्थिर करना, वैध उपयोगकर्ताओं की पहुंच को रोकना और राष्ट्रीय हित के लिए हानिकारक तत्वों द्वारा अनधिकृत रूप से जानकारी निकालने का प्रयास करना प्रतीत होता है। पुलिस को दी शिकायत में सीबीएसई ने इन हमलों की प्रकृति, व्यापकता और समन्वित स्वरूप को देखते हुए, सीबीएसई ने आईएफएसओ इकाई से विस्तृत जांच और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया है।

सीबीएसई ने यह भी स्पष्ट किया है कि इन दुर्भावनापूर्ण प्रयासों के बावजूद सीबीएसई के सिस्टम और डेटाबेस सुरक्षित और अक्षुण्ण हैं। किसी भी प्रकार का डेटा उल्लंघन या अनधिकृत पहुंच का पता नहीं चला है। आईआईटी कानपुर, आईआईटी मद्रास, डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी), सर्ट-इन और अन्य केंद्रीय सरकारी एजेंसियों की साइबर सुरक्षा टीमों के सहयोग से 24×7 निरंतर निगरानी और प्रतिक्रिया तंत्र के माध्यम से इन हमलों को सफलतापूर्वक नियंत्रित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story