पश्चिम एशिया के सात देशों में 9 से 11 मार्च तक होने वाली सीबीएसई की 12वीं बोर्ड परीक्षाएं स्थगित
नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने पश्चिम एशिया के सात देशों में 9, 10 और 11 मार्च को आयोजित होने वाली कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने का निर्णय लिया है। बोर्ड ने क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया है।
सीबीएसई द्वारा शनिवार को जारी परिपत्र के अनुसार बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित संबद्ध स्कूलों में 9 मार्च (सोमवार), 10 मार्च (मंगलवार) और 11 मार्च (बुधवार) को निर्धारित कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं फिलहाल टाल दी गई हैं। इन परीक्षाओं की नई तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी।
बोर्ड ने बताया कि यह निर्णय 1 मार्च, 3 मार्च और 5 मार्च को जारी किए गए पूर्व परिपत्रों की निरंतरता में लिया गया है। पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों की वर्तमान स्थिति की गंभीर समीक्षा के बाद छात्रों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षाएं स्थगित की गई हैं।
सीबीएसई ने कहा कि 10 मार्च को स्थिति की पुनः समीक्षा की जाएगी, जिसके बाद 12 मार्च से आगे निर्धारित परीक्षाओं के संबंध में उपयुक्त निर्णय लिया जाएगा। बोर्ड ने छात्रों से कहा कि वे नवीनतम जानकारी के लिए अपने-अपने विद्यालयों के संपर्क में रहें और केवल आधिकारिक घोषणाओं पर ही भरोसा करें।
सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज द्वारा जारी इस परिपत्र की सूचना संबंधित देशों में भारतीय दूतावासों तथा दुबई स्थित सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय को भी भेज दी गई है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान से जुड़े सुरक्षा हालात को देखते हुए बोर्ड पहले ही वहां कक्षा 10 की 7 से 11 मार्च तक निर्धारित परीक्षाएं रद्द कर चुका है। साथ ही कक्षा 12 की 7 मार्च को प्रस्तावित परीक्षा भी स्थगित की गई थी। कक्षा 10 के विद्यार्थियों के परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया और मूल्यांकन पद्धति के बारे में बोर्ड बाद में अलग से सूचना जारी करेगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

