कक्षा 10 की दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए 20 अप्रैल तक जमा करना होगा एलओसी : सीबीएसई

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को 10वीं कक्षा की दूसरी बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए छात्रों की सूची (एलओसी) जमा करने और परीक्षा शुल्क भुगतान का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। बोर्ड ने इस संबंध में सभी संबद्ध स्कूलों के प्राचार्यों एवं प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए हैं।

बोर्ड के अनुसार परीक्षा शुल्क भुगतान का पहला चरण 16 से 20 अप्रैल तक रहेगा। इसी अवधि में छात्रों की सूची जमा करने और शुल्क भुगतान का दूसरा चरण भी आयोजित किया जाएगा। विलंब शुल्क के साथ तीसरे चरण में एलओसी जमा करने और शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 21 से 22 अप्रैल निर्धारित की गई है।

सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों के नाम पहले चरण में जमा नहीं हुए थे, वे अब द्वितीय परीक्षा में शामिल होने के लिए अपना नाम दर्ज करा सकते हैं और परीक्षा शुल्क जमा कर सकते हैं। वहीं, पहले चरण में नाम जमा कराने वाले छात्र अब शुल्क का भुगतान कर सकेंगे। जो छात्र द्वितीय परीक्षा में शामिल नहीं होना चाहते, वे अपना नाम वापस भी ले सकते हैं।

बोर्ड ने छात्रों को गणित विषय में विकल्प बदलने की अनुमति भी दी है। मुख्य परीक्षा में गणित (स्टैंडर्ड) लेने वाले छात्र दूसरी परीक्षा में गणित (बेसिक) चुन सकते हैं और इसके विपरीत भी संभव होगा। हालांकि, अन्य विषयों में बदलाव की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा उत्तीर्ण छात्र अपने अंकों को सुधारने के लिए अधिकतम तीन विषयों में दोबारा परीक्षा दे सकते हैं।

इसके अलावा उत्तीर्ण छात्र अपने अंकों को सुधारने के लिए विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषा विषयों में अधिकतम तीन विषयों में दोबारा परीक्षा दे सकते हैं। खेल कोटे के छात्रों के नाम भी इस अवधि में जोड़े जा सकेंगे।

सीबीएसई ने कहा है कि ईआर श्रेणी में रखे गए छात्र दूसरी परीक्षा के लिए पात्र नहीं होंगे, जबकि कम्पार्टमेंट श्रेणी के छात्र निर्धारित नियमों के अनुसार परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।

बोर्ड ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर छात्रों का सही डेटा एकत्र करें और निर्धारित समयसीमा के भीतर एलओसी जमा करें, क्योंकि अंतिम तिथि के बाद किसी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story