पश्चिम बंगाल चुनाव बाद हिंसा से जुड़े 2021 के मामले में सीबीआई ने घोषित अपराधी झरना मिस्त्री को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम बंगाल चुनाव बाद हिंसा से जुड़े 2021 के मामले में सीबीआई ने घोषित अपराधी झरना मिस्त्री को किया गिरफ्तार


नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 2021 के पश्चिम बंगाल चुनाव बाद हिंसा से जुड़े हत्या के मामले में घोषित अपराधी झरना मिस्त्री को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। झरना मिस्त्री सह-आरोपित संजय मिस्त्री की पत्नी है और 2021 में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से फरार थी। सीबीआई ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

सीबीआई के अनुसार झरना मिस्त्री को दक्षिण 24 परगना जिले के संतोषपुर स्थित घोषपाड़ा से गिरफ्तार किया गया। वह मामले की जांच और सुनवाई की प्रक्रिया में कभी शामिल नहीं हुई। गिरफ्तारी के बाद उसे मंगलवार को बैरकपुर स्थित सक्षम अदालत में पेश किया जा रहा है।

कलकत्ता उच्च न्यायालय के 19 अगस्त 2021 के आदेश के अनुपालन में सीबीआई ने 27 अगस्त 2021 को यह मामला दर्ज किया था। एजेंसी ने उत्तर 24 परगना जिले के जगद्दल थाने में 3 मई 2021 को दर्ज प्राथमिकी संख्या 345/2021 को अपने हाथ में लिया था। प्राथमिकी चुनाव बाद हिंसा से जुड़ी थी और शिकायतकर्ता की मां शोभा रानी मंडल की हत्या के आरोप लगाए गए थे।

जांच पूरी करने के बाद सीबीआई ने 29 दिसंबर 2021 को कुल 13 आरोपितों के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दाखिल किया था। इसमें झरना मिस्त्री भी शामिल थी।

सीबीआई के अनुसार झरना मिस्त्री के छिपने और सुनवाई की प्रक्रिया से बचने के कारण बैरकपुर के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने 3 अक्टूबर 2023 के आदेश से उसे घोषित अपराधी घोषित किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story