सत्रह साल पुराने सुकांत घोष हत्याकांड में फरार आरोपित को सीबीआई ने गोरखपुर से दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
सत्रह साल पुराने सुकांत घोष हत्याकांड में फरार आरोपित को सीबीआई ने गोरखपुर से दबोचा


नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल के चर्चित सुकांत घोष हत्याकांड में फरार चल रहे घोषित अपराधी शिबू कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पिछले कई वर्षों से फरार था और फर्जी पहचान के साथ रह रहा था।

सीबीआई ने मंगलवार को बताया कि शिबू कुमार सिंह को गोरखपुर के रायगंज रोड स्थित दक्षिण गांधी आश्रम इलाके में उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया गया। वह वहां अखिलेश कुमार शाही नाम से रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। एजेंसी ने बताया कि ट्रांजिट वारंट प्राप्त करने के बाद आरोपित को बुधवार को कोलकाता ले जाया जाएगा, जहां उसे संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा।

यह मामला कलकत्ता उच्च न्यायालय के 27 अगस्त 2009 के आदेश पर सीबीआई को सौंपा गया था। जांच के बाद सीबीआई ने 31 दिसंबर 2010 और 14 नवंबर 2011 को आरोपपत्र तथा पूरक आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें शिबू कुमार सिंह सहित चार लोगों को आरोपित बनाया गया था।

सीबीआई के अनुसार, लंबे समय तक फरार रहने के कारण अदालत ने शिबू कुमार सिंह को 15 सितंबर 2016 को घोषित अपराधी (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) घोषित कर दिया था।

सीबीआई मामले की आगे की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story