सीबीआई ने कटनी में रेलवे के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता को 45 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा

WhatsApp Channel Join Now
सीबीआई ने कटनी में रेलवे के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता को 45 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा


नई दिल्ली, 06 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मध्य प्रदेश के कटनी में पश्चिम मध्य रेलवे के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता अजयवीर सिंह को 45 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित ने 30 मजदूरों को काम से नहीं हटाने के बदले प्रति मजदूर 1,500 रुपये के हिसाब से रिश्वत मांगी थी।

सीबीआई ने इस मामले में पांच नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोप है कि न्यू कटनी जंक्शन पर तैनात वरिष्ठ अनुभाग अभियंता ने शिकायतकर्ता से 30 मजदूरों के लिए कुल 45 हजार रुपये की अनुचित मांग की थी। छह नवंबर को सीबीआई ने जाल बिछाकर कटनी में आरोपित को रिश्वत मांगते और लेते हुए पकड़ लिया।

सीबीआई ने आरोपित के आवास और कार्यालय की तलाशी भी ली। इस दौरान मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपित को जबलपुर की सक्षम अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773680 Articles

Share this story