हावड़ा स्टेशन पर रिश्वत के आरोप में रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर समेत तीन गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 25 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के डिप्टी चीफ सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर को हावड़ा रेलवे स्टेशन पर 4 लाख रुपये की घूस लेते रंगेहाथों दबोच लिया। इस मामले में कोलकाता की निजी कंपनी एमआरटी सिग्नल्स लिमिटेड के दो प्रतिनिधियों को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि रेलवे अधिकारी अनुबंध से जुड़े मामलों में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत ले रहा था।

सीबीआई के अनुसार, शुक्रवार को दर्ज मामले में आरोप है कि डिप्टी चीफ सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर सत्यम कुमार ने एमआरटी सिग्नल्स लिमिटेड, कोलकाता के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर साजिश रची और चक्रधरपुर मंडल में कंपनी द्वारा किए जा रहे सिग्नल एवं दूरसंचार कार्यों से संबंधित प्राइस वैरिएशन क्लॉज (पीवीसी) और कॉन्ट्रैक्ट वैरिएशन फाइल को मंजूरी देने सहित अन्य आधिकारिक कार्यों में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत की मांग की।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अधिकारी मई में इसी मामले में पांच लाख रुपये की रिश्वत पहले ही ले चुका था। इसके बाद उसने शेष हिस्से के रूप में चार लाख रुपये और मांगे थे। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाया और हावड़ा रेलवे स्टेशन पर आरोपी अधिकारी को कंपनी के प्रतिनिधियों से चार लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। रिश्वत की पूरी राशि मौके से बरामद कर जब्त कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपितों में दक्षिण पूर्व रेलवे, चक्रधरपुर के डिप्टी चीफ सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर सत्यम कुमार, एमआरटी सिग्नल्स लिमिटेड के प्रतिनिधि सुब्रत चक्रवर्ती और राजू पंडित शामिल हैं।

सीबीआई ने आरोपितों के पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार स्थित आवासीय एवं कार्यालय परिसरों पर भी तलाशी ली। इस दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। सभी आरोपितों को सक्षम अदालत में पेश किया जा रहा है।

सीबीआई ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कई वर्षों बाद रिश्वतखोरी से जुड़े किसी मामले में यह उसका पहला ट्रैप ऑपरेशन है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story