सीबीआई ने रिश्वतखोरी के आरोप में आगरा में बैंक प्रबंधक को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सीबीआई ने रिश्वतखोरी के आरोप में आगरा में बैंक प्रबंधक को किया गिरफ्तार


नई दिल्ली, 26 जून (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की भद्रौली शाखा बरहन के प्रबंधक को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान प्रवीण यादव के रूप में हुई है।

सीबीआई के अनुसार, इस मामले में 25 जून को एक निजी कंपनी में कार्यरत एक कर्मचारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, बैंक प्रबंधक ने सौर पैनल से संबंधित लगभग 19 ऋण फाइलों के प्रसंस्करण और स्वीकृति के लिए प्रति फाइल 7,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

एजेंसी के अनुसार, बातचीत के बाद आरोपित 19 ऋण फाइलों को मंजूरी देने के लिए कुल 52,000 रुपये रिश्वत लेने पर सहमत हो गया। ये सभी ऋण फाइलें पहले ही बैंक द्वारा स्वीकृत की जा चुकी थीं। सीबीआई ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और प्रबंधक को शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 30,000 रुपये लेते गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को आज गाजियाबाद स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story