दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के कार्यकारी अभियंता वेदपाल मीणा गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के कार्यकारी अभियंता वेदपाल मीणा गिरफ्तार


दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के कार्यकारी अभियंता वेदपाल मीणा गिरफ्तार


नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के मामले में दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के कार्यकारी अभियंता वेदपाल मीणा को रंगेहाथों पकड़ा है। सीबीआई ने उन्हें नंद नगरी, वजीराबाद में रामलीला के लिए मैदान आवंटित करने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत के आरोप में पकड़ा।

सीबीआई के अनुसार, 19 सितंबर को शिकायत के आधार पर दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड, सीमापुरी, नई दिल्ली के कार्यकारी अभियंता मीणा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता से रामलीला के लिए नंद नगरी, वजीराबाद में मैदान आवंटित करने के बदले 2.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोपित दो किस्तों में रकम लेने पर सहमत हुआ था।

सीबीआई ने 19 सितंबर को जाल बिछाया और आरोपित कार्यकारी अभियंता को शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

सीबीआई ने आरोपित के आवास की तलाशी के दौरान 41 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं। वेदपाल मीणा दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के सीमापुरी स्थित सामुदायिक भवन में तैनात थे। मामले में आगे की जांच जारी है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story