दिल्ली में यौन उत्पीड़न के मामले में वांछित आरोपित यूएई से भारत लाया गया

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली में यौन उत्पीड़न के मामले में वांछित आरोपित यूएई से भारत लाया गया


नई दिल्ली, 04 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली पुलिस के यौन उत्पीड़न के एक मामले में वांछित आरोपित सजीर पल्ली मूप्पम को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत प्रत्यर्पण किया है। इंटरपोल के रेड नोटिस का सामना कर रहे आरोपित को बुधवार को प्रत्यर्पण प्रक्रिया पूरी होने के बाद भारत लाया गया।

सीबीआई के अनुसार, इस कार्रवाई में विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस ने सीबीआई के साथ समन्वय किया। दिल्ली पुलिस ने आरोपित के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया था। जांच में सामने आया कि आरोपित ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर 20 वर्षीय युवती को जबरन नशीला पदार्थ दिया था, जिससे वह बेहोशी जैसी स्थिति में पहुंच गई। इसके बाद आरोपित उसे एक होटल में ले गया और पहचान छिपाने के लिए किसी तीसरे व्यक्ति के पहचान संबंधी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर होटल में कमरा लिया। आरोप है कि वहां उसने युवती के साथ उसकी सहमति के बिना यौन उत्पीड़न किया। मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट से भी इसकी पुष्टि हुई। मामले में सक्षम अदालत के समक्ष आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है।

दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने इंटरपोल के माध्यम से आरोपित के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था। इसके बाद एनसीबी-नई दिल्ली के अनुरोध पर यूएई अधिकारियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूएई अधिकारियों ने उसे भारत प्रत्यर्पित कर दिया।

सीबीआई के अनुसार, दिल्ली पुलिस की एक टीम आरोपित को लेने यूएई गई थी। वहां उसे भारतीय टीम को सौंपा गया। इसके बाद टीम आरोपित के साथ बुधवार को यहां पहुंची।

उल्लेखनीय है कि भारत में इंटरपोल के लिए राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में सीबीआई विभिन्न जांच एजेंसियों के साथ समन्वय करती है। इसके लिए भारतपोल मंच के माध्यम से इंटरपोल चैनलों पर सहायता उपलब्ध कराई जाती है। सीबीआई के मुताबिक, वर्ष 2019 से अब तक विदेशी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय के जरिए 278 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story