सीबीआई का बड़ा अंतरराष्ट्रीय अभियान 'ऑपरेशन साइस्ट्राइक' में 35 ठिकानों पर छापेमारी, एक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सीबीआई का बड़ा अंतरराष्ट्रीय अभियान 'ऑपरेशन साइस्ट्राइक' में 35 ठिकानों पर छापेमारी, एक गिरफ्तार


नई दिल्ली, 02 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अमेरिका, ब्रिटेन, कुवैत, आयरलैंड एवं सिंगापुर की एजेंसियों के साथ मिलकर बहुराष्ट्रीय 'ऑपरेशन साइस्ट्राइक' के तहत अंतरराष्ट्रीय साइबर-वित्तीय अपराध नेटवर्क को ध्वस्त किया। यह अभियान भारत में 35 स्थानों पर चलाया गया, जिसमें मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के साथ-साथ ऑनलाइन ठगी से जुड़े डिजिटल सबूत और 60 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

सीबीआई ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपित की पहचान फोकरेहरी पीटर के रूप में की गयी है। एजेंसी ने दिल्ली, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में 35 जगहों पर छापेमारी की। जांच में पता चला कि आरोपित अमेरिका, ब्रिटेन, कुवैत, आयरलैंड, सिंगापुर और भारत के नागरिकों को ऑनलाइन ठग रहे थे।

दिल्ली से संचालित नेटवर्क से लैपटॉप, मोबाइल फोन और हार्ड डिस्क बरामद हुए जिनमें अमेरिकी पीड़ितों को निशाना बनाने के सबूत मिले। वहीं, दिल्ली, गाजियाबाद और कर्नाटक से चल रहे एक अन्य नेटवर्क को भी खत्म किया गया। इस नेटवर्क के जरिए कुवैती ई-वीजा और नौकरी के फर्जी ऑफर देकर भारतीय नागरिकों से पैसे वसूले जा रहे थे। इस दौरान 60 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की गयी।

सीबीआई ने विभिन्न देशों के नागरिकों को निशाना बनाने वाले नेटवर्क्स को भी ध्वस्त किया और अपराध की रकम को ट्रांसफर करने वाले म्यूल अकाउंट्स को बंद कर दिया। मामले की जांच अभी जारी है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story