सीबीआई ने रिश्वत मामले में एनएचएआई अधिकारी सहित दो लोगों को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), शिलांग के परियोजना निदेशक और दो निजी व्यक्तियों को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने शिकायत के आधार पर एनएचएआई, शिलांग के आरोपित लोक सेवक और एक निजी व्यक्ति तथा अन्य के खिलाफ 1 जुलाई को मामला दर्ज किया था। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में एनएचएआई के परियोजना निदेशक (पीआईयू) आनंद सिंह चौहान और दो निजी व्यक्ति पुनीत अग्रवाल और मनीष अग्रवाल शामिल हैं।
जांच एजेंसी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी निजी व्यक्ति को शिकायतकर्ता से 4 लाख रुपये की रिश्वत की मांग करते और लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। मामले में आरोपितों के संबंधित परिसरों में तलाशी भी ली गई।
आरोप है कि एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने शिकायतकर्ता से 13.38 करोड़ रुपये के बकाया बिल को पास कराने के लिए 12 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोपित लोक सेवक ने शिकायतकर्ता 4 लाख रुपये अग्रिम रूप मांगे। आरोपित लोक सेवक ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि गुवाहाटी में एक व्यक्ति को सौंपने को कहा जिसने आगे एक अन्य व्यक्ति को सौंपने के लिए कहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

