दिल्ली पुलिस का हेड कॉन्स्टेबल 2 लाख की रिश्वत लेते पकड़ा गया, छापेमारी में 49 लाख रुपये बरामद

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली पुलिस का हेड कॉन्स्टेबल 2 लाख की रिश्वत लेते पकड़ा गया, छापेमारी में 49 लाख रुपये बरामद


नई दिल्ली, 22 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस के नारकोटिक्स सेल, द्वारका में तैनात हेड-कॉन्स्टेबल अजय को रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपित को शिकायतकर्ता से 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में पकड़ा गया।

सीबीआई के अनुसार, 21 अप्रैल को दर्ज मामले में आरोप लगाया गया था कि आरोपित हेड-कॉन्स्टेबल और अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने शिकायतकर्ता को झूठे मामले में फंसने से बचाने के लिए 15 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोपित ने 21 अप्रैल तक 5 लाख रुपये की पहली किस्त देने को कहा था।

इसके बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपित को 2 लाख रुपये लेते हुए पकड़ लिया। इसके अलावा कार्यालय परिसर की तलाशी के दौरान 48.87 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई। एजेंसी ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story