सीएक्यूएम ने हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को लगाई फटकार, निर्माण स्थलों की निगरानी में मिली गंभीर खामियां

WhatsApp Channel Join Now
सीएक्यूएम ने हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को लगाई फटकार, निर्माण स्थलों की निगरानी में मिली गंभीर खामियां


नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और आसपास के क्षेत्रों में निर्माण एवं विध्वंस स्थलों की निगरानी में लगातार सामने आ रही खामियों पर हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) को कड़ी फटकार लगाई है। इस संबंध में 8 सितंबर को आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

आयोग ने बुधवार को एक बयान में बताया कि उसके वैधानिक निर्देश संख्या 11-18 के तहत 500 वर्गमीटर या उससे अधिक क्षेत्रफल वाले सभी निर्माण एवं विध्वंस परियोजनाओं का पंजीकरण तथा धूल नियंत्रण उपायों की दूरस्थ निगरानी के लिए कार्यशील वीडियो मॉनिटरिंग सिस्टम राज्य के वेब पोर्टल से जोड़ना अनिवार्य है।

सीएक्यूएम वर्ष 2024 से एचएसपीसीबी के वेब पोर्टल के जरिए निर्माण स्थलों की दूरस्थ निगरानी कर रहा है। इस दौरान कई गंभीर कमियां सामने आईं। इनमें वेब कैमरों के लिंक का अधूरा होना, गलत यूजर आईडी एवं पासवर्ड, मोबाइल ऐप डाउनलोड कराने वाले लिंक, खराब वेब लिंक तथा कैमरों का लंबे समय तक ऑफलाइन रहना शामिल है।

आयोग ने इन खामियों की जानकारी समय-समय पर बोर्ड को देकर सुधार के निर्देश भी दिए थे। 19 से 22 जून 2026 के बीच किए गए निरीक्षण में पानीपत के 213, सोनीपत के 457, फरीदाबाद के 168, गुरुग्राम (उत्तर) के 691 और गुरुग्राम (दक्षिण) के 484 पंजीकृत निर्माण स्थलों की जांच की गई। इसमें अधिकांश स्थानों पर वेब कैमरे काम नहीं कर रहे थे। केवल फरीदाबाद के 4, गुरुग्राम (उत्तर) के 6 और गुरुग्राम (दक्षिण) के 5 स्थलों पर ही कैमरे कार्यशील पाए गए। आयोग ने यह रिपोर्ट 8 जुलाई 2026 को एचएसपीसीबी को भेजी थी।

सीएक्यूएम ने पहले भी एचएसपीसीबी को पोर्टल की प्रभावी निगरानी के लिए एक समर्पित टीम तैनात करने की सलाह दी थी, लेकिन न तो ऐसी टीम बनाई गई और न ही स्थिति में कोई उल्लेखनीय सुधार हुआ।

लगातार लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने इसे अपने वैधानिक निर्देशों की जानबूझकर की गई अवहेलना माना। समीक्षा बैठक में एचएसपीसीबी से विस्तृत जवाब और अनुपालन रिपोर्ट मांगी गई। बोर्ड ने आयोग को अब तक उठाए गए कदमों और अनुपालन की स्थिति से अवगत कराया।

बैठक में आयोग ने एचएसपीसीबी को सभी आदेशों और वैधानिक निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने, नियमों का उल्लंघन करने वाले निर्माण स्थलों को बंद करने तथा दूरस्थ निगरानी व्यवस्था को पूरी तरह कार्यशील बनाने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निगरानी और प्रवर्तन व्यवस्था मजबूत करने तथा सभी निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण उपायों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

सीएक्यूएम ने दोहराया कि एनसीआर में वायु प्रदूषण की रोकथाम और नियंत्रण के लिए उसके वैधानिक निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story