दिल्ली-एनसीआर की हवा में सुधार, उप-समिति ने फिलहाल ग्रैप की पाबंदियां नहीं लगाने का किया फैसला

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली-एनसीआर की हवा में सुधार, उप-समिति ने फिलहाल ग्रैप की पाबंदियां नहीं लगाने का किया फैसला


नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया। सोमवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) रविवार के 261 के मुकाबले सोमवार शाम 4 बजे 246 और शाम 6 बजे 225 दर्ज किया गया। इसको देखते हुए आयोग ने ग्रैप की पाबंदियां नहीं लगाने का फैसला किया है।

आयोग ने बताया कि सोमवार को क्षेत्र की मौजूदा वायु गुणवत्ता और भारतीय मौसम विभाग तथा भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान के एक्यूआई एवं मौसम पूर्वानुमान की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान सामने आया कि दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स रविवार के 261 के मुकाबले सोमवार 225 दर्ज किया गया, जो वायु गुणवत्ता में सुधार का संकेत है।

उप-समिति ने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति और सभी राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों को ज़मीनी स्तर पर धूल नियंत्रण के उपायों को और प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा गया कि वायु गुणवत्ता की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और समय-समय पर हालात की समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि रविवार को अफगानिस्तान, ईरान और पाकिस्तान के पास उत्पन्न हुए धूल भरे तूफान के कारण उत्तर-पश्चिम भारत, विशेषकर दिल्ली-एनसीआर तक पहुंची है, जिससे वातावरण में पीएम-10 कणों की मात्रा काफी बढ़ गई और एक्यूआई का स्तर 261 तक पहुंच गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story