कर्नाटक देशभर में प्रति व्यक्ति आय में नंबर वन और कर संग्रह में द्वितीय: सिद्धारमैया

WhatsApp Channel Join Now
कर्नाटक देशभर में प्रति व्यक्ति आय में नंबर वन और कर संग्रह में द्वितीय: सिद्धारमैया


बागलकोट, 03 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि प्रति व्यक्ति आय के मामले में कर्नाटक देश में पहले स्थान पर और कर संग्रह में दूसरे स्थान पर है। इन उपलब्धियों के आधार पर हम कह सकते हैं कि आज देश को कांग्रेस पार्टी की आवश्यकता है।

बागलकोट जिले के बेविनमट्टी गांव में आयोजित उपचुनाव में प्रचार सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य की आर्थिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस सरकार के कामकाज का बचाव किया। उन्होंने कहा कि प्रति व्यक्ति आय के मामले में कर्नाटक देश में पहले स्थान पर है। इसके अलावा कर संग्रह के मामले में भी कर्नाटक देश में दूसरे स्थान पर है और इन उपलब्धियों को देखते हुए जनता को कांग्रेस का समर्थन करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता में रहते हुए विकास कार्य नहीं किए और अब कांग्रेस सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है। राज्य के कर्ज को लेकर भाजपा की आलोचना पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने वित्तीय प्रबंधन के नियमों का उल्लंघन नहीं किया है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की अवैज्ञानिक नीतियों के कारण राज्य को मिलने वाला जीएसटी का हिस्सा कम हुआ है, जिससे लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसके बावजूद राज्य सरकार ने गारंटी योजनाओं और विकास कार्यों को जारी रखा है।

हाल ही में हुए उपचुनावों में कांग्रेस की जीत का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में भी कांग्रेस को सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 में भी राज्य में कांग्रेस की सरकार दोबारा सत्ता में आएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

Share this story