भारत, इजराइल,अमेरिका, आरएसएस ने कैप्टन स्मित की बहादुरी को किया सैल्यूट, की जल्द स्वस्थ होने की कामना

WhatsApp Channel Join Now
भारत, इजराइल,अमेरिका, आरएसएस ने कैप्टन स्मित की बहादुरी को किया सैल्यूट, की जल्द स्वस्थ होने की कामना


नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भारत, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), इजराइल और अमेरिका ने कैप्टन स्मित मछार की असाधारण बहादुरी की प्रशंसा करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। सभी ने एक्स हैंडल पोस्ट में मछार को हीरो बताया। कैप्टन मछार गत दिवस दुबई से इजराइल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई के विमान में हुई घटना के बाद से चर्चा के केंद्र में है। इस घटना में कैप्टन स्मित मछार हीरो बनकर उभरे हैं।

विदेशमंत्री जयशंकर ने लिखा, '' कैप्टन स्मित मछार की असाधारण हिम्मत और मुश्किल हालात में भी सूझबूझ दिखाने की काबिलियत ने कल सैकड़ों लोगों की जान बचाई और एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया। उनकी बहादुरी को सलाम करने और उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना करने के लिए दुनिया भर के अनगिनत लोगों के साथ जुड़ें।''

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने लिखा, '' भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की असाधारण बहादुरी को मेरा सलाम। चाकू लगने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने मुकाबला किया। हमलावर का विरोध किया। कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों व क्रू को हमलावर पर काबू पाने में मदद की — जिससे हवा में होने वाली एक बड़ी दुर्घटना टल गई।उन्होंने 174 लोगों की जान बचाई, जिनमें इजराइली नागरिक और अन्य देशों के लोग भी शामिल थे। मैं कैप्टन के जल्द और पूरी तरह से ठीक होने की कामना करता हूं । वह एक सच्चे हीरो हैं। हम आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हैं।''

भारत में इजराइल के राजदूत रूवेन अजार ने लिखा, ''मैं फ्लाईदुबई की फ्लाइट एफजेड1073 के अनुभवी और प्रतिभाशाली भारतीय पायलट कैप्टन स्मित की सलामती के लिए प्रार्थना करता हूं। उनकी और अन्य इजराइली व अमीराती यात्रियों और क्रू सदस्यों की हिम्मत ने 180 लोगों की जान बचाई।''

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट के भारतीय कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की तारीफ की है। ट्रंप ने कहा कि भारतीय पायलट की हालत बेहद खराब थी। बावजूद इसके उन्होंने विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने में मदद की। ट्रंप ने कैप्टन को हीरो बताया। ट्रंप ने बुधवार को ओवल ऑफिस में पत्रकारों को बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मिली।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कैप्टन स्मित मछार की प्रशंसा करते हुए उनके असाधारण साहस को सलाम किया है। आरएसएस के आधिकारिक एक्स हैंडल में आंबेकर ने लिखा, '' उन्होंने अपनी ड्यूटी से आगे बढ़कर 170 से ज्यादा लोगों की जान बचाने में मदद की। वे एक सच्चे हीरो हैं और पूरा देश उनकी बहादुरी और समय पर की गई कार्रवाई के लिए उन पर गर्व करता है। उनके जल्द और पूरी तरह से ठीक होने की कामना करता हूं।''

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story