प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर मध्य प्रदेश में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर मध्य प्रदेश में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान


सेवा संकल्प अभियान विकसित भारत के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम : मोहन यादव

भोपाल, 01 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आगामी 07 अक्टूबर को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे हो रहे हैं। इन 25 सालों में विकास और जनकल्याण के जो अविस्मरणीय कार्य हुए हैं, उनकी जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मंत्रीगणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर, 2026 से प्रारंभ होकर 01 माह अर्थात 17 अक्टूबर, 2026 तक चलेगा। सेवा संकल्प अभियान विकसित भारत के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। इस अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने अप्रैल से जून 2026 की तिमाही में देश की जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत होने पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी तथा मंत्रि-परिषद की ओर से उनका अभिनंदन किया। पिछले साल इसी अवधि में यह दर 6.9 प्रतिशत थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों के परिणामस्वरूप देश सभी क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है।

धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन देने के लिए प्रदेश में जारी हैं गतिविधियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सांस्कृतिक उत्थान और धार्मिक पर्यटन की जो दृष्टि प्रदान की, उसी के परिणामस्वरूप प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर हमारी गौरवशाली परम्परा और ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजने का कार्य आरंभ किया गया है। इस दिशा में प्रदेश में 243 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न संरक्षण और विकास कार्य जारी हैं।

न देरी, न दूरी के सिद्धांत को चरितार्थ कर रहा है जन-विश्वास अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विगत 7 अगस्त से आरंभ जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत न देरी, न दूरी के सिद्धांत पर काम करते हुए राज्य सरकार अभियान को सुशासन के क्षेत्र में एक मील का पत्थर बनाने का प्रयास कर रही है। अभी तक उन्होंने स्वयं चार जिलों क्रमश: छिंदवाड़ा, बड़वानी, टीकमगढ़ और बालाघाट का भ्रमण किया है। उन्होंने मंत्रीगणों से अभियान में निरंतर दौरा कर, विभिन्न योजनाओं तथा विकास गतिविधियों की मॉनीटरिंग करने और विभिन्न समुदायों से संवाद में बने रहने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story