असम में 472.51 करोड़ के मादक पदार्थों के विनष्टीकरण अभियान का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने खुद चलाया रोड रोलर

WhatsApp Channel Join Now
असम में 472.51 करोड़ के मादक पदार्थों के विनष्टीकरण अभियान का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने खुद चलाया रोड रोलर


नलबाड़ी (असम), 13 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को नलबाड़ी जिले के दौलाशाल स्थित 14वीं असम पुलिस बटालियन परिसर में राज्यव्यापी मादक पदार्थ विनष्टीकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत अगले 10 दिनों में 472.51 करोड़ रुपये मूल्य के जब्त मादक पदार्थों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं रोड रोलर चलाकर असम पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा जब्त अवैध शराब को भी नष्ट किया।

कार्यक्रम में राज्य के वित्त मंत्री जयंत मल्लबरुवा, बरखेत्री के विधायक नारायण डेका सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। राज्य सरकार की नशा विरोधी मुहिम के तहत असम के सभी जिलों में भी इसी प्रकार के मादक पदार्थ विनष्टीकरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि राज्य सरकार 'नशामुक्त असम' के लक्ष्य को लेकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि असम पुलिस प्रतिवर्ष 1,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त कर रही है और तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उनके अनुसार, पिछले पांच वर्षों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत लगभग 3,300 मामले दर्ज किए गए हैं तथा 3,227 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।

डॉ. सरमा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पहल पर विभिन्न राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिली है। राज्य सरकार भविष्य में भी इस अभियान को और तेज करेगी तथा तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रखेगी।

दौलाशाल में केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराए गए ड्रग इन्सिनरेटर की सहायता से हेरोइन, गांजा, कफ सिरप, टैबलेट, कैप्सूल, अफीम, मॉर्फीन, मेथामफेटामाइन, याबा टैबलेट, कोकीन, पोस्ता के पौधे और पॉपी स्ट्रॉ सहित विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों का पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण किया जाएगा।

इस अवसर पर असम भाजपा ने मुख्यमंत्री की पहल का स्वागत किया। पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता ब्रजेन महंत ने इसे राज्य को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम बताया।

अभियान के तहत जिन मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया जाएगा, उनमें 58.88 किलोग्राम हेरोइन (117.75 करोड़ रुपये), 37,796.34 किलोग्राम गांजा (188.98 करोड़ रुपये), 2,29,449 बोतल कफ सिरप (22.94 करोड़ रुपये), 4,96,712 टैबलेट एवं कैप्सूल (19.88 करोड़ रुपये), 79.77 किलोग्राम अफीम (3.98 करोड़ रुपये), 39.07 किलोग्राम मॉर्फीन (39.07 करोड़ रुपये), 18,70,922 याबा टैबलेट (74.84 करोड़ रुपये), 3.20 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (4.80 करोड़ रुपये), 0.05 किलोग्राम कोकीन (23.55 लाख रुपये), 4.62 किलोग्राम पोस्ता के पौधे (2.54 लाख रुपये) तथा 9.49 किलोग्राम पॉपी स्ट्रॉ (1.42 लाख रुपये) शामिल हैं। इन सभी मादक पदार्थों का कुल अनुमानित मूल्य 472.51 करोड़ रुपये है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story