उन्नाव एक्सप्रेस-वे पर पलटी डबल डेकर बस, सीवान के दरोगा और कैदी समेत पांच की मौत, कई पुलिसकर्मी घायल

WhatsApp Channel Join Now

सीवान (बिहार), 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर एसी बस पलटने से सीवान पुलिस लाइन में तैनात एक दरोगा और एक कैदी समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में तीन पुलिसकर्मियों सहित 15 लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, सीवान मंडल जेल में बंद हत्या के आरोपित कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर को पेशी के लिए पुलिस टीम गुरुग्राम कोर्ट लेकर गई थी। पेशी के बाद पुलिस टीम बस से वापस लौट रही थी। इसी दौरान मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे उन्नाव के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

मृतकों की पहचान सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम (59) तथा गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर (59) के रूप में हुई है। तीन अन्य मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

बस में करीब 30 यात्री सवार थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने से हादसा होने की बात सामने आई है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय पुलिस और राहत टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सीवान एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि मंडल कारागार के कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया गया था। वापसी के दौरान उन्नाव में बस हादसे में दरोगा और कैदी की मौत हो गई। अन्य घायल पुलिसकर्मियों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story