उधमपुर में बस के खाई में गिरने से एक लड़की की मौत, 16 घायल
उधमपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू के उधमपुर जिले में बुधवार को बसंतगढ़-रामनगर सड़क पर एक बस के सड़क से फिसलकर नीचे खाई में गिरने से एक लड़की की मौत हो गई और 16 अन्य लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा लट्टी-बसंतगढ़ तहसील के पचौंड इलाके में गुल्ली गाला के पास हुआ। उन्होंने बताया कि छह गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उप-जिला अस्पताल रामनगर भेजा गया है जबकि बाकी घायलों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बसंतगढ़ में किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के बाद उन्होंने उधमपुर के उपायुक्त अनंत द्विवेदी से बात की है।
एक पोस्ट में सिंह ने कहा कि स्थानीय लोगों की समय पर मदद से सभी यात्रियों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया।
उन्होंने बताया कि बचाव दल मौके पर पहुंच गया है और हर संभव मदद दी जा रही है। मृत लड़की की पहचान और हादसे के कारणों समेत अन्य विवरणों का अभी इंतज़ार है।
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

