(अपडेट) झपकी बनी काल: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सिलेंडर लदे डीसीएम में घुसी स्कॉर्पियो, मां-बेटे समेत चार की मौत

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) झपकी बनी काल: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सिलेंडर लदे डीसीएम में घुसी स्कॉर्पियो, मां-बेटे समेत चार की मौत


बांदा, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक को आई एक झपकी पूरे परिवार के लिए मौत बन गई। सिलेंडर लदे डीसीएम ट्रक में पीछे से घुसी स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया।

आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी अजीत कुमार विश्वकर्मा अपने परिवार के साथ महोबा जिले के कबरई कस्बे में रहकर क्रेशर पार्ट्स और डंपर बनाने का काम करता था। वह बुधवार रात अपनी मां प्रेमशिला, चाची निशा, दादी चंद्रावती और चचेरी बहन रिया के साथ पैतृक गांव से स्कॉर्पियो द्वारा वापस कबरई लौट रहा था।

गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे देहात कोतवाली क्षेत्र के जारी गांव के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के चैनेज नंबर 47.8 पर अचानक चालक अजीत को झपकी आ गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे खाली सिलेंडर लदे डीसीएम ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। कटर मशीन और क्रेन की मदद से स्कॉर्पियो को काटकर घायलों को बाहर निकाला गया। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अजीत कुमार, उसकी मां प्रेमशिला, चाची निशा और दादी चंद्रावती को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल किशोरी रिया को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही डीएम और एसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story