मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के सूरत-बिलीमोरा खंड में बिजली आपूर्ति शुरू

WhatsApp Channel Join Now
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के सूरत-बिलीमोरा खंड में बिजली आपूर्ति शुरू


नई दिल्ली, 21 नवंबर (हि.स.)। देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के सूरत-बिलीमोरा खंड में शुक्रवार को ओवरहेड विद्युत उपकरण (ओएचई) प्रणाली को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर दिया गया। इसके साथ ही इस खंड में आगे के परीक्षणों की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। यह खंड लगभग 50 किलोमीटर लंबा है और इसमें दोनों दिशाओं की एलिवेटेड रेल लाइन शामिल हैं।

नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) के अनुसार ओवरहेड विद्युत प्रणाली को छोटे-छोटे खंडों में चरणबद्ध तरीके से ऊर्जीकृत किया जाएगा। यह प्रक्रिया तकनीकी टीमों की निगरानी में सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए पूरी की जाएगी।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में 2×25 केवी की उन्नत ओवरहेड ट्रैक्शन प्रणाली लगाई गई है। यह हाई स्पीड रेल नेटवर्क में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक विद्युतीकरण तकनीकों में शामिल है। 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन बनाए गए हैं। ये सबस्टेशन राष्ट्रीय बिजली ग्रिड से बिजली प्राप्त कर ओवरहेड ट्रैक्शन प्रणाली को आपूर्ति करेंगे।

गुजरात के नवसारी जिले में स्थित बिलीमोरा के पहले ट्रैक्शन सबस्टेशन में कंट्रोल पैनल, चेंजओवर स्विच, ट्रांसफॉर्मर और सर्किट ब्रेकर भवनों में स्थापना का काम पूरा हो चुका है। गुजरात में इन सबस्टेशनों को गुजरात ऊर्जा पारेषण निगम लिमिटेड (जीईटीसीओ) के 220 केवी अंबेठा ग्रिड सबस्टेशन से बिजली मिलेगी। पूरे विद्युत नेटवर्क की निगरानी एक केंद्रीकृत नियंत्रण केंद्र से की जाएगी, ताकि परिचालन सुरक्षित और भरोसेमंद बना रहे।

सूरत-बिलीमोरा खंड में चार नदियों पर पुल और राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के ऊपर एक स्टील पुल बनाया गया है। इस खंड के वायडक्ट पर आसपास के क्षेत्रों में शोर का प्रभाव कम करने के लिए करीब 94 हजार नॉइज बैरियर भी लगाए गए हैं।

ओवरहेड विद्युत प्रणाली में बिजली आपूर्ति शुरू होने के बाद परियोजना के आसपास रहने वाले लोगों, यात्रियों, निर्माण श्रमिकों और आम नागरिकों को विद्युत उपकरणों के पास नहीं जाने और उन्हें नहीं छूने की सलाह दी गई है। साथ ही विद्युत प्रतिष्ठानों के आसपास किसी भी तरह का अनधिकृत कार्य नहीं करने को कहा गया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780947 Articles

Share this story