अहमदाबाद में बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत 22 दिनों में 5 भारी पोर्टल बीम लॉन्च

WhatsApp Channel Join Now
अहमदाबाद में बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत 22 दिनों में 5 भारी पोर्टल बीम लॉन्च


नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। अहमदाबाद में मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत एक महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग उपलब्धि हासिल की गई है। मणिनगर क्षेत्र में अहमदाबाद–वडोदरा रेलवे लाइन के ऊपर कुल पांच प्रीकास्ट-प्रेस्ट्रेस्ड भारी पोर्टल बीम (गर्डर) मात्र 22 दिनों के भीतर सफलतापूर्वक लॉन्च किए गए।

नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने सोमवार को एक बयान में बताया कि यह लॉन्चिंग गतिविधि 8, 13, 19, 24 और 29 अप्रैल को सुनियोजित क्रम में पूरी की गई, जो सक्रिय रेलवे ट्रैक के ऊपर तेज और सटीक कार्य निष्पादन का उदाहरण है। इनमें सबसे भारी बीम, जिसका वजन लगभग 1360 मीट्रिक टन था, 8 अप्रैल को लॉन्च किया गया। अन्य बीमों का वजन 1170 से 1360 मीट्रिक टन के बीच रहा, जिससे यह रेलवे अवसंरचना पर किए गए सबसे जटिल कार्यों में से एक बन गया है।

मणिनगर में बुलेट ट्रेन का एलाइन्मेंट मौजूदा रेलवे ट्रैकों के ऊपर से ऊंचाई पर और तिरछे कोण पर गुजरता है, जिसके कारण संरचनात्मक योजना बेहद चुनौतीपूर्ण रही। यहां दो पिलरों के बीच की दूरी लगभग 30 से 34 मीटर है, जिसके चलते मजबूत और स्थिर पोर्टल बीम की आवश्यकता पड़ी।

इन भारी पोर्टल बीमों को इस तरह डिजाइन किया गया है कि वे अहमदाबाद–वडोदरा रेलवे की अप, डाउन और तीसरी लाइन सहित कई सक्रिय ट्रैकों को सुरक्षित रूप से कवर कर सकें। इनके बड़े आकार और वजन से संरचना में स्थिरता बनी रहती है और झुकाव न्यूनतम रहता है, जिससे ट्रैक की सटीकता और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित होता है।

लॉन्चिंग के लिए 2200 मीट्रिक टन क्षमता वाले क्रॉलर क्रेन का उपयोग किया गया, जिसे पहली बार भारत में सक्रिय रेलवे ट्रैक के ऊपर इस्तेमाल किया गया। प्रत्येक बीम को लगभग 3.5 घंटे में स्थापित किया गया, जो पहले के 9 घंटे के ब्लॉक की तुलना में काफी तेज है। यह कार्य भारतीय रेलवे के साथ समन्वय, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निरंतर निगरानी के साथ पूरा किया गया।

उल्लेखनीय है कि प्रत्येक पोर्टल बीम की लंबाई 34 मीटर है और इसका क्रॉस-सेक्शन 5.5 मीटर × 4.5 मीटर है। इन बीमों को साइट पर ही तैयार कर भारी इकाइयों के रूप में स्थापित किया गया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story