बजरंग दल की बूढ़ा अमरनाथ यात्रा 16 अगस्त से शुरू

WhatsApp Channel Join Now
बजरंग दल की बूढ़ा अमरनाथ यात्रा 16 अगस्त से शुरू


नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। कश्मीर घाटी के पुंछ जिले में विराजमान श्री बाबा बूढ़ा अमरनाथ के दर्शन और पूजन हेतु बजरंग दल इस वर्ष भी अपनी वार्षिक साहसिक यात्रा का आयोजन करेगा। इस वर्ष यह यात्रा 16 अगस्त से 27 अगस्त तक चलेगी। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। इस दौरान, बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत भी मौजदू रहे।

परांडे ने कहा, यह यात्रा केवल धार्मिक नहीं है बल्कि राष्ट्रीय एकात्मता का प्रतीक है। इसने सीमा पर डटे हमारे सेना के जवानों के प्रति सम्मान बढ़ाने और पाकिस्तान सीमा से लगे अल्पसंख्यक हिंदुओं में 'पलायन नहीं पराक्रम' का भाव जगाने का काम किया है। इस यात्रा के कारण मार्ग में आने वाले सभी हिंदू धर्मस्थलों का संरक्षण सुनिश्चित हुआ है।

उन्होंने इस यात्रा के ऐतिहासिक और सामाजिक प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बजरंग दल के प्रयासों के कारण पुंछ क्षेत्र से हिंदुओं के पलायन पर पूरी तरह विराम लगा है और वहां की स्थानीय हिंदू जनसंख्या में लगभग 4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

परांडे ने कहा कि 90 के दशक में कश्मीर घाटी में बढ़े जिहादी आतंकवाद और सीमा पार (पाकिस्तान) से होने वाली लगातार गोलाबारी के कारण यह सदियों पुरानी महान यात्रा लगभग मृतप्राय हो गई थी। इसके बाद वर्ष 2005 में बजरंग दल ने इस यात्रा को पुनर्जीवित करने का बीड़ा उठाया।

उन्होंने बताया कि इस बार देश भर के सभी प्रांतों से बजरंग दल के कार्यकर्ता और श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा का उद्घाटन 16 अगस्त को शाम करीब 4 बजे भगवती नगर बेस कैम्प जम्मू में होगा। 17 अगस्त को प्रातः 5 बजे जम्मू से बाबा बूढ़ा अमरनाथजी के दर्शन करने पुंछ के लिए प्रस्थान करेगा। 18 अगस्त को प्रातः 6 बजे पुंछ से प्रस्थान कर दो घंटे बाद दर्शन और वहां से 10 बजे यात्रा की वापसी होगी।

इसके अलावा, पुंछ से लौटते समय यात्रा राजौरी होते हुए सुंदरबनी पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। अगले दिन सुबह करीब 5:00 बजे जत्था शिवखोड़ी दर्शन के लिए रवाना होगा और अंत में कटरा पहुंचकर यात्रा संपन्न होगी। यह क्रम प्रतिदिन चलेगा, जिसमें हर दिन देश के 4-5 अलग-अलग प्रांतों के जत्थे बाबा के दर्शन करेंगे।

वर्ष 2005 से शुरू हुई इस यात्रा में अब देश भर से रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यात्रियों की सुविधा और सुचारू व्यवस्था के लिए बजरंग दल ने आज एक विशेष वेब पोर्टल 'बूढ़ाअमरनाथडॉटओआरजी' शुरू किया है। इसके माध्यम से दुनिया के किसी भी कोने से श्रद्धालु इस यात्रा के लिए अपना ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story