कांग्रेस नेताओं ने बजट को बताया गरीब विरोधी और आम जनता से कटा हुआ

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस नेताओं ने बजट को बताया गरीब विरोधी और आम जनता से कटा हुआ


नई दिल्ली, 01 फ़रवरी (हि.स.)। कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय बजट 2026-27 को आम जनता की समस्याओं से कटा हुआ और गरीबों के हितों की अनदेखी करने वाला बजट बताया।

कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि यह बजट युवाओं की बेरोजगारी, गिरती विनिर्माण क्षमता, पूंजी का बाहर जाना, घटती घरेलू बचत और किसानों की बदहाली जैसे असली संकटों को नजरअंदाज़ करता है। उन्होंने इसे भारत की वास्तविक चुनौतियों से आंखें मूंदने वाला बजट बताया।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार ने मनरेगा की कटौती से शुरू किया सिलसिला अब बड़े पैमाने पर कल्याणकारी योजनाओं में कटौती तक पहुंचा दिया है। बेरोजगारी चरम पर है, मध्यम वर्ग बाजार की उथल-पुथल से जूझ रहा है और कल्याणकारी सुरक्षा जाल लगातार कमजोर किया जा रहा है। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि केरल को फिर से उपेक्षित किया गया है, न तो एआईआईएमएस का जिक्र हुआ और न ही किसी शहर को हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में शामिल किया गया।

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बजट को गरीब कल्याण में कटौती बताते हुए कहा कि कुल खर्च में 1,00,503 करोड़ रुपये, पूंजीगत खर्च में 1,44,376 करोड़ रुपये और ग्रामीण व शहरी विकास, सामाजिक कल्याण, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा पूर्वोत्तर राज्यों के बजट में भारी कटौती की गई है। यह बजट गरीबों के अधिकारों की हकमारी है और इसे रिफॉर्म एक्सप्रेस कहना भ्रामक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story