शिमला : होटल में मर्त मिला ब्रिटिश नागरिक, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 21 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी शिमला के बालूगंज थाना अंतर्गत लोअर कैथू स्थित एक होटल में ठहरे बुजुर्ग ब्रिटिश नागरिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार बीती मध्यरात्रि कैथू निवासी सूर्यवंशी ने दूरभाष के माध्यम से थाना पुलिस को सूचना दी कि उनके होटल में ठहरे एक विदेशी नागरिक कमरे के भीतर अचेत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और उप पुलिस अधीक्षक टीम सहित तुरंत मौके पर पहुंचे और होटल लोअर कैथू में स्थिति की तस्दीक की।

मृतक की पहचान मिस्टर बैरी एल्विन मॉस (86 वर्ष), निवासी इंग्लैंड (यूके) के रूप में हुई है, जो होटल के कमरा नंबर 103 में ठहरे हुए थे। होटल स्टाफ ने पुलिस को बताया कि उन्होंने थोड़ी मात्रा में शराब का सेवन किया था। बाद में जब उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो स्टाफ ने कमरा खोलकर देखा, जहां वह कमरे के फर्श पर गिरे हुए मिले।

पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मृतक के आवश्यक सामान को कब्जे में ले लिया है। कमरे को विधिवत सील कर चाबी सुरक्षित रखी गई है। इसके बाद मृतक को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद मेडिकल अधिकारी ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। मामले की सूचना यूके दूतावास को भी भेज दी गई है और वहां से जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत अमल में लाई जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story