ब्रिक्स किसी देश के लिए चुनौती नहीं, साझा समृद्धि का मंच है: ओम बिरला

WhatsApp Channel Join Now
ब्रिक्स किसी देश के लिए चुनौती नहीं, साझा समृद्धि का मंच है: ओम बिरला


ब्रिक्स किसी देश के लिए चुनौती नहीं, साझा समृद्धि का मंच है: ओम बिरला


टोंक (राजस्थान), 21 नवंबर (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को कहा कि ब्रिक्स किसी भी देश के लिए चुनौती नहीं, भारत की 'वसुधैव कुटुम्बकम' की भावना के अनुरूप यह सभी राष्ट्रों की साझा समृद्धि और कल्याण का मंच है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने यह बात आज राजस्थान के टोंक स्थित वनस्थली विद्यापीठ में आयोजित 'ब्रिक्स महिला नेतृत्व शिखर सम्मेलन' के उद्घाटन के अवसर पर कही। भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ अर्थात संपूर्ण विश्व एक परिवार है- की अवधारणा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा ब्रिक्स किसी भी देश के लिए चुनौती नहीं है और न ही इसका उद्देश्य किसी को चुनौती देना है। इसके विपरीत, इसका मार्गदर्शक दर्शन सभी राष्ट्रों की साझा समृद्धि और कल्याण में निहित है। भारत का दृष्टिकोण ब्रिक्स से भी व्यापक है तथा वैश्विक कल्याण और सहयोग के प्रयासों में प्रत्येक देश का अपना विशिष्ट महत्व है।

उन्होंने कहा कि भौगोलिक, आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों में भिन्नता के बावजूद सभी देश कई ऐसी साझा चुनौतियों का सामना कर रहे हैं जिनके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। ब्रिक्स संवाद, सहयोग तथा विचारों और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है, जिससे देशों को साझा हितों और सर्वसम्मत समाधानों की दिशा में कार्य करने में सहायता मिलती है।

बिरला ने ब्रिक्स देशों की महिला प्रतिनिधियों को सुझाव दिया कि वे वैश्विक चुनौतियों से निपटने तथा एक अधिक शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध विश्व के निर्माण के लिए अपने सामूहिक नेतृत्व, अनुभव और नवाचार क्षमताओं का उपयोग करें। महिलाओं का आत्मविश्वास, सकारात्मक दृष्टिकोण और नवाचार की क्षमता राष्ट्रों तथा मानवता के समक्ष उपस्थित जटिल समस्याओं के समाधान के नए मार्ग प्रशस्त कर सकती है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, कृषि, रक्षा, साइबर सुरक्षा और महिला उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में इसके उत्तरदायी प्रयोग का आह्वान किया।

लोकसभा अध्यक्ष ने स्वयं सहायता समूहों 'लखपति दीदी' और 'ड्रोन दीदी' जैसी पहलों का जिक्र किया। उन्होंने पंचायतों से लेकर संसद तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने वाले 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को ऐतिहासिक कदम बताया। अब 'महिला सशक्तीकरण' से आगे बढ़कर 'महिला-नेतृत्व वाले विकास' को साकार करने का समय है, ताकि महिलाएं विकास की केवल सहभागी न रहें बल्कि उसकी दिशा तय करने में भी निर्णायक भूमिका निभाएं।

बिरला ने कहा कि तकनीकी प्रगति मानव-केंद्रित दृष्टिकोण, नैतिक मूल्यों, करुणा और जवाबदेही से निर्देशित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है कि एआई मानवता की सेवा करे और आम नागरिकों के जीवन को अधिक सुरक्षित एवं बेहतर बनाए। जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद, साइबर अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे खतरों से निपटने के लिए आपसी सहयोग को और मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि विभिन्न देशों के बीच नवाचारों, अनुभवों और सफल प्रथाओं को साझा करने से नए दृष्टिकोण विकसित हो सकते हैं और ब्रिक्स देश उभरती वैश्विक चिंताओं का अधिक प्रभावी ढंग से समाधान कर सकेंगे।

लोकसभा अध्यक्ष ने वनस्थली विद्यापीठ के संस्थापकों पंडित हीरालाल शास्त्री और रतन शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मात्र पांच छात्राओं से शुरू हुआ यह संस्थान आज लगभग 18 हजार छात्राओं के साथ महिला शिक्षा का प्रतिष्ठित केंद्र बन चुका है, जिसकी छात्राएं प्रौद्योगिकी, विमानन, घुड़सवारी, विज्ञान और सशस्त्र बलों में नेतृत्वकारी भूमिका निभा रही हैं।

21-23 नवंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में ब्रिक्स और साझेदार देशों से आईं महिला सांसद, नीति-निर्माता, शिक्षाविद और उद्यमी भाग ले रही हैं। सम्मेलन के दौरान महिला नेतृत्व, राजनीतिक सहभागिता, क्षमता निर्माण, डिजिटल सुरक्षा और साइबर सुरक्षा जैसे प्रमुख विषयों पर अनुभव और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story