ब्रिक्स सम्मेलन के चलते 11 सितंबर को दिल्ली में केंद्र और प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में अवकाश

WhatsApp Channel Join Now
ब्रिक्स सम्मेलन के चलते 11 सितंबर को दिल्ली में केंद्र और प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में अवकाश


नई दिल्ली, 03 सितंबर (हि.स.)। राजधानी के भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन के मद्देनजर केंद्र और दिल्ली के सभी सरकारी कार्यालय 11 सितंबर को बंद रहेंगे। केंद्र सरकार ने दिल्ली और नई दिल्ली में स्थित अपने कार्यालयों को भी 11 सितंबर को बंद रखने का निर्देश दिया है। दिल्ली के उपराज्यपाल ने 11 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार के सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में अवकाश घोषित किया है।

केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की आधिकारिक सूचना में कहा गया कि 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में ब्रिक्स बिजनेस फोरम और 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन होना है। आदेश में कहा गया कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में करीब 30 सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम के व्यापक स्वरूप और आम लोगों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए दिल्ली और नई दिल्ली में स्थित केंद्र सरकार के कार्यालयों को 11 सितंबर को बंद रखने का फैसला किया गया है।

दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 3 सितंबर को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि ब्रिक्स सम्मेलन और उससे जुड़े इंतजामों के मद्देनजर 11 सितंबर को दिल्ली सरकार के अधीन सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में अवकाश रहेगा। यह आदेश दिल्ली के उपराज्यपाल की ओर से जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story