भुवनेश्वर में 13वीं ब्रिक्स शिक्षा मंत्रियों की बैठक में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी लेंगे भाग

WhatsApp Channel Join Now
भुवनेश्वर में 13वीं ब्रिक्स शिक्षा मंत्रियों की बैठक में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी लेंगे भाग


भुवनेश्वर, 06 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी शुक्रवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित हो रही 13वीं ब्रिक्स शिक्षा मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान एवं नवाचार, शैक्षणिक योग्यताओं की पारस्परिक मान्यता तथा अकादमिक नेतृत्व जैसे प्रमुख विषयों पर चर्चा की जाएगी।

इससे पूर्व, भारत की ब्रिक्स 2026 अध्यक्षता के तहत 5 अगस्त को भुवनेश्वर में तीसरी ब्रिक्स वरिष्ठ शिक्षा अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों—ब्राज़ील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, इंडोनेशिया, ईरान, इथियोपिया और संयुक्त अरब अमीरात—के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य ब्रिक्स शिक्षा मंत्रियों की घोषणा के मसौदे पर विस्तार से विचार-विमर्श करना था। सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित दस्तावेज़ की समीक्षा की, अपने सुझाव साझा किए और शिक्षा मंत्रियों की बैठक में प्रस्तुत किए जाने वाले प्रमुख बिंदुओं पर सहमति बनाने की दिशा में काम किया।

विचार-विमर्श के दौरान तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण, सहयोगात्मक अनुसंधान एवं नवाचार, पारंपरिक एवं स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों के मार्गदर्शक सिद्धांतों, तथा अकादमिक सहयोग को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया।

बैठक में संस्थागत तंत्र को सुदृढ़ करने, शोध एवं अकादमिक सहयोग बढ़ाने, सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने तथा क्षमता निर्माण पहलों को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। सदस्य देशों ने समावेशी, लचीली और भविष्य उन्मुख शिक्षा प्रणाली विकसित करने के लिए आपसी सहयोग और नवाचार को आवश्यक बताया।

बैठक के अंत में ब्रिक्स शिक्षा मंत्रियों की घोषणा के प्रस्तावित परिणामों को अंतिम रूप दिया गया। वरिष्ठ शिक्षा अधिकारियों की इस बैठक का सफल आयोजन भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत शिक्षा क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

Share this story