स्व. आरके सिन्हा के ब्रह्मभोज और श्रद्धांजली सभा में पहुंचे मंत्री, नेता और उद्योग जगत के दिग्गज

WhatsApp Channel Join Now
स्व. आरके सिन्हा के ब्रह्मभोज और श्रद्धांजली सभा में पहुंचे मंत्री, नेता और उद्योग जगत के दिग्गज


पटना, 12 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संस्थापक सदस्य, राज्यसभा सांसद और सफल व्यवसायी दिवंगत डॉ. रवीन्द्र किशोर सिन्हा के ब्रह्मभोज और श्रद्धांजलि सभा में गुरुवार को उनके पटना स्थित आवास पर कई दिग्गज नेता, मंत्री और व्यवसाय जगत के दिग्गज पहुंचे।

पटना स्थित पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा भवन में उनका ब्रह्मभोज में मुरली मनोहर जोशी (पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता), गिरिराज सिंह (केंद्रीय मंत्री), चिराग पासवान (केंद्रीय मंत्री), रवि शंकर प्रसाद (भाजपा सांसद), बिहार सरकार में कृषि मंत्री विजय सिन्हा के अलावा बिहार सरकार के कई मंत्री, विधायक और विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता व सामाजिक लोग शामिल हुए।

75 वर्षीय डॉ. आरके सिन्हा का निधन बीते 30 अक्टूबर, 2026 को नोएडा स्थित उनके आवास पर हुआ था। पिछले कुछ समय से वे अस्वस्थ चल रहे थे। निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए पटना लाया गया था। मुख्यमंत्री समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और बड़ी संख्या में आम लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि देकर अंतिम विदाई दी थी।

डॉ सिन्हा भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। उन्होंने राज्यसभा सांसद के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई। इसके साथ ही वे एसआईएस ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन के तौर पर कारोबारी जगत में भी पहचान रखते थे।

उनके निधन से बिहार के राजनीतिक और व्यावसायिक क्षेत्र में शोक का माहौल है।

डॉ सिन्हा का जन्म 22 सितंबर, 1951 काे बिहार में भोजपुर जिले के बहियारा गांव में हुआ था। उन्होंने पटना के एएन कॉलेज से राजनीति विज्ञान और कानून की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना करियर शुरू किया। शुरुआती दिनों में वे 'द सर्चलाइट' और 'प्रदीप' जैसे अखबारों के लिए काम करते थे। उस समय उन्हें हर महीने महज 250 रुपये वेतन मिलता था। वे साइकिल से घूमकर अपराध और राजनीतिक घटनाओं की रिपोर्टिंग करते थे।

साल 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध को भी उन्होंने युद्ध संवाददाता के रूप में कवर किया था।

डॉ आरके सिन्हा ने साल 1974 में पटना से सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज (एसआईएस) ग्रुप की शुरुआत की थी। कंपनी शुरू करने के पीछे पूर्व सैनिकों को रोजगार उपलब्ध कराने का विचार था। 1971 के युद्ध के बाद बड़ी संख्या में सैनिक सेवानिवृत्त होकर अपने घर लौटे थे।

उनके पुनर्वास और रोजगार की समस्या को देखते हुए लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने सिन्हा को पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार के अवसर तैयार करने की सलाह दी थी।

जेपी की सलाह से प्रेरित होकर उन्होंने पटना में एक छोटे से किराए के कमरे से कंपनी शुरू की। शुरुआती दौर में कंपनी में केवल दो लोग थे। धीरे-धीरे कारोबार का विस्तार हुआ और एसआईएस ग्रुप ने निजी सुरक्षा सेवाओं के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। आज यह समूह भारत के साथ-साथ दूसरे देशों में भी अपनी सेवाएं देता है। कंपनी के विस्तार के साथ बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story