नीतीश कुमार आज लेंगे राज्यसभा सदस्यता की शपथ, भाजपा की उच्चस्तरीय बैठक में तय हाे सकता है सीएम का नया चेहरा

WhatsApp Channel Join Now
नीतीश कुमार आज लेंगे राज्यसभा सदस्यता की शपथ, भाजपा की उच्चस्तरीय बैठक में तय हाे सकता है सीएम का नया चेहरा


पटना, 10 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इसी सिलसिले में वे गुरुवार को ही पटना से दिल्ली पहुंचे। दिल्ली पहुंचकर नीतीश ने कहा था कि वह अगले चार से पांच दिनों में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। नीतीश कुमार के बयान के बाद से ही बिहार की राजनीति में हुई हलचल ने और तेजी पकड़ ली है।

नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण के बाद राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम पर आज अंतिम मुहर लग सकती है। नई सरकार के गठन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं की दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें बिहार के सियासी भविष्य को लेकर बड़े फैसले होने की संभावना है। बिहार भाजपा कोर ग्रुप की यह अहम बैठक आज शाम 6 बजे बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े के आवास पर हाेनी है।

बिहार के सियासी भविष्य को लेकर भाजपा की बैठक में चर्चा की जाएगी। इस हाई लेवल बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य कोर ग्रुप के सदस्य मौजूद रहेंगे। बैठक में बिहार के सह-प्रभारी, दोनों संगठन मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ राज्य के दोनों डिप्टी सीएम भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा बिहार से जुड़े अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी बुलाया गया है, ताकि नए मुख्यमंत्री के नाम पर व्यापक सहमति बनाई जा सके।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आज की बैठक बिहार की राजनीति की दिशा तय कर सकती है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि भाजपा नेतृत्व किस नाम पर अंतिम सहमति बनाता है और राज्य को अगला मुख्यमंत्री कौन मिलता है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story