बिहार के नालंदा जिले में माता शीतला मंदिर में हादसे की वजह गर्मी और भीड़: एसपी

WhatsApp Channel Join Now
बिहार के नालंदा जिले में माता शीतला मंदिर में हादसे की वजह गर्मी और भीड़: एसपी


-नालंदा मंदिर भगदड़ में 8 महिलाओं समेत 9 लोगों की मौत, 7 घायल, एसआईटी जांच शुरू

पटना, 31 मार्च (हि.स.)। बिहार के नालंदा जिले के मघड़ा गांव स्थित माता शीतलाष्टमी मंदिर में मंगलवार सुबह मची भगदड़ में 8 महिलाओं समेत कुल 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

नालंदा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भारत सोनी के अनुसार, अत्यधिक गर्मी और भारी भीड़ इस हादसे की मुख्य वजह रही। उन्होंने बताया कि ठंडे पानी में स्नान के बाद जब महिलाएं मंदिर परिसर में प्रवेश कर रही थीं, उसी दौरान दम घुटने और पानी की कमी के कारण कई महिलाएं बेहोश होकर गिरने लगीं, जिससे भगदड़ मच गई।

एसपी ने बताया कि मंदिर परिसर में सुरक्षा के लिए चौकीदार तैनात थे, लेकिन इतनी बड़ी भीड़ आने की पूर्व सूचना नहीं थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया गया है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंच गई और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नालंदा के जिलाधिकारी (डीएम) कुंदन कुमार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं। मृतकों में से 7 की पहचान हो चुकी है।

डीएम के अनुसार, घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की गई है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story