मधुबनी में एएसआई की फायरिंग में महिला समेत दो लोगों की मौत, दो ग्रामीण गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
मधुबनी में एएसआई की फायरिंग में महिला समेत दो लोगों की मौत, दो ग्रामीण गंभीर


पटना, 03 नवंबर (हि.स.)। बिहार में मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में सोमवार देर रात एक घर में घुसे सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) ने पकड़े जाने के डर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में एक महिला समेत दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने आरोपी एएसआई की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।

गोलीबारी में जान गंवाने वालों की पहचान अशोक यादव (45) और फूलो देवी (40) के रूप में हुई है। फूलो देवी के पेट में गोली लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं, अशोक यादव को सीने और जांघ में गोली लगी थी। इसके अलावा विजेंद्र यादव (45) के गले और धनिकलाल यादव के पैर में गोली लगी है। दोनों घायलों का इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) योगेंद्र कुमार गांव पहुंचे। उन्होंने बताया कि रात करीब एक बजे पुलिस को बलिराजगढ़ गांव में गोलीबारी की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपित एएसआई पुलिस पिकेट में तैनात था और उसका गांव की एक महिला से कथित अवैध संबंध था। इसी वजह से उसका गांव में आना-जाना था।

एसपी के मुताबिक, सोमवार देर रात भी आरोपित गांव पहुंचा था। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उसे देख लिया और घर के अंदर बंद कर दिया। खुद को लोगों से घिरा देखकर आरोपित ने कमरे के अंदर से तीन से चार राउंड फायरिंग कर दी। गोलीबारी में चार लोग घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अशोक यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, फूलो देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।

एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपित एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उसे सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

एसपी ने घोषणा की है कि आरोपित एएसआई के बारे में विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771539 Articles

Share this story