छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पटना जिला प्रशासन ने लॉन्च किया डिजिटल वेब ऐप

WhatsApp Channel Join Now
छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पटना जिला प्रशासन ने लॉन्च किया डिजिटल वेब ऐप


छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पटना जिला प्रशासन ने लॉन्च किया डिजिटल वेब ऐप


-एक क्लिक पर मिलेगी घाटों, शौचालय, पार्किंग, चिकित्सा और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी, बिना इंटरनेट के भी करेगा काम

पटना, 14 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहल पर पटना जिला प्रशासन ने छठ महापर्व 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए एक विशेष डिजिटल व्यवस्था तैयार की है। इसके तहत 'छठ पूजा पटना डॉट कॉम' (chhathpujapatna.com) नाम से आधिकारिक वेब ऐप विकसित किया गया है। इस ऐप के माध्यम से श्रद्धालुओं को छठ घाटों की स्थिति, शौचालय, वस्त्र बदलने के कक्ष, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों सहित सभी जरूरी जानकारियां एक क्लिक पर उपलब्ध होंगी।

इस ऐप की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह इंटरनेट नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने पर भी काम करेगा। इससे घाटों पर नेटवर्क की समस्या के बावजूद श्रद्धालु जरूरी जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। डिजिटल तकनीक के माध्यम से छठ महापर्व को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने की दिशा में इसे जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

जिला प्रशासन ने इस वर्ष छठ के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 607 अस्थायी शौचालय, 560 यूरिनल, 453 वस्त्र बदलने के कक्ष और 321 नाव एवं नाविकों की व्यवस्था की है। सुरक्षा के लिए 432 गोताखोरों के साथ राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की नौ और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की आठ टीमें तैनात रहेंगी।

वेब ऐप खोलते ही श्रद्धालुओं को पटना के छठ घाटों का नक्शा दिखाई देगा। इसके माध्यम से वे अपने आसपास के घाटों की स्थिति और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। ऐप पर 90 सुरक्षित घाट, आठ खतरनाक घाट और सात अनुपयुक्त घाट चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा नौ प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, 19 सहायता केंद्र, 25 शौचालय स्थल, 27 वस्त्र बदलने के कक्ष, 14 पेयजल केंद्र और 46 पार्किंग स्थलों की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।

ऐप की एक अन्य महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि यह श्रद्धालुओं को सुरक्षित घाटों तक पहुंचने में मदद करेगा। खतरनाक और अनुपयुक्त घोषित घाटों के लिए ऐप पर मार्ग का नक्शा उपलब्ध नहीं कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालु अनजाने में जोखिम वाले स्थानों पर न पहुंचें।

श्रद्धालु अपनी जरूरत के अनुसार ऐप पर उपलब्ध विभिन्न विकल्पों पर क्लिक कर संबंधित सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व आस्था, विश्वास और सूर्योपासना का प्रमुख पर्व है। इस दौरान लाखों श्रद्धालु गंगा सहित विभिन्न नदियों और जलाशयों के घाटों पर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है। जिला प्रशासन की इस डिजिटल पहल से श्रद्धालुओं को घाटों पर जाने से पहले ही जरूरी जानकारियां मिल सकेंगी और उन्हें सुविधाओं की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776849 Articles

Share this story