बांकीपुर उपचुनाव : नामांकन के बाद जेजेडी प्रत्याशी वीणा मानवी गिरफ्तार, तेज प्रताप ने कार्रवाई पर उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
बांकीपुर उपचुनाव : नामांकन के बाद जेजेडी प्रत्याशी वीणा मानवी गिरफ्तार, तेज प्रताप ने कार्रवाई पर उठाए सवाल


पटना, 13 जुलाई (हि.स.)। बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की प्रत्याशी वीणा मानवी को सोमवार को नामांकन दाखिल करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि उनकी गिरफ्तारी एक लंबित मामले में जारी वारंट के आधार पर की गई है।

गिरफ्तारी के बाद जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने इस कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी की प्रत्याशी को झूठे मामले में फंसाकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है।

सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी एक वीडियो संदेश में तेज प्रताप यादव ने कहा कि महिला के साथ अन्याय होने पर न्याय की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि वीणा मानवी चुनाव में मजबूत स्थिति में थीं, इसलिए उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया गया।

तेज प्रताप यादव ने कहा, महिला के साथ जब अन्याय होता है तो कृष्ण का सुदर्शन चक्र चलता है। अब बिहार आने के बाद मेरा सुदर्शन चक्र चलेगा। वीणा मानवी जीत रही हैं, इसलिए जानबूझकर उन्हें फंसाया गया है।

तेज प्रताप यादव ने कहा कि वह फिलहाल दिल्ली में हैं, लेकिन जल्द ही बिहार लौटेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार पहुंचने के बाद पूरे मामले को लेकर सरकार का घेराव किया जाएगा और प्रेस वार्ता के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

तेज प्रताप ने गिरफ्तारी के समय को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस के पास पहले से गिरफ्तारी वारंट था, तो जब वीणा मानवी पिछले तीन दिनों से लगातार चुनाव प्रचार कर रही थीं, तब कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उनके अनुसार, नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद की गई गिरफ्तारी कई सवाल खड़े करती है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक महिला प्रत्याशी के साथ अन्याय किया गया है और उनकी पार्टी इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।

फिलहाल पुलिस की ओर से गिरफ्तारी के संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी हलचल बढ़ने की संभावना है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story