बेतिया में सेनको गोल्ड शोरूम से दिनदहाड़े 30-40 करोड़ के आभूषणों की लूट

WhatsApp Channel Join Now
बेतिया में सेनको गोल्ड शोरूम से दिनदहाड़े 30-40 करोड़ के आभूषणों की लूट


- तीन बाइक से पहुंचे आठ हथियारबंद अपराधियों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बनाया बंधक- करीब 20 मिनट तक शोरूम में की लूटपाट, सुरक्षा गार्ड को किया घायल- डीआईजी और एसएसपी ने तीन घंटे तक की जांच, पूरे जिले में नाकेबंदी और छापेमारी

बेतिया, 18 नवंबर (हि.स.)। बिहार के पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया में बुधवार को हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दी। कालीबाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में तीन बाइक से पहुंचे आठ अपराधियों ने हथियार के बल पर कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया। इसके बाद शोरूम में रखे सोने और हीरे के आभूषण बैग में भरकर फरार हो गए। शोरूम मालिक के अनुसार, लूटे गए आभूषणों की अनुमानित कीमत 30 से 40 करोड़ रुपये है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से शहर में सनसनी फैल गई है। ज्वेलरी कारोबारियों में भी दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी हरकिशोर राय, एसएसपी कुमार गौतम और सदर वन एसडीपीओ अजीत कुमार करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार दोपहर तीन बाइक पर सवार होकर आठ अपराधी शोरूम पहुंचे। इनमें दो बाइक पर तीन-तीन और तीसरी बाइक पर दो अपराधी सवार थे। सभी हथियारों से लैस थे। शोरूम में प्रवेश करते ही उन्होंने कर्मचारियों को हथियार के बल पर कब्जे में ले लिया। अपराधियों ने कर्मचारियों के हाथ बांध दिए और उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद शोरूम में रखे सोने और हीरे के आभूषण बैग में भरने लगे।

इस दौरान अपराधियों ने शोरूम के सुरक्षा गार्ड मन्नू चौबे के सिर पर प्रहार कर उन्हें घायल कर दिया। वहीं, शोरूम में मौजूद दो ग्राहकों के मोबाइल फोन फर्श पर पटककर तोड़ दिए। बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरों और काउंटर में भी तोड़फोड़ की। करीब 20 मिनट तक लूटपाट करने के बाद सभी आभूषण लेकर फरार हो गए।

हैरानी की बात यह रही कि व्यस्त सुप्रिया रोड पर स्थित शोरूम में करीब 20 मिनट तक अपराधी लूटपाट करते रहे, लेकिन आसपास के दुकानदारों को इसकी भनक तक नहीं लगी। अपराधियों के भागने के बाद शोरूम कर्मचारियों ने शोर मचाया, तब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई।

घटना के समय शोरूम में करीब सात से आठ कर्मचारी और दो-तीन ग्राहक मौजूद थे। कर्मचारियों में चार से पांच महिलाएं भी शामिल थीं। अपराधियों ने सभी को हथियार के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट की। घटना के बाद कर्मचारियों में भय और दहशत का माहौल है। घायल सुरक्षा गार्ड को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी हरकिशोर राय और एसएसपी कुमार गौतम ने शोरूम में करीब तीन घंटे तक जांच की। इस दौरान कर्मचारियों से अलग-अलग पूछताछ की गई। एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।

पुलिस शोरूम और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इनके आधार पर अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस को अपराधियों की एक बाइक का नंबर मिलने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस उक्त नंबर का सत्यापन करा रही है।

घटना के बाद पूरे पश्चिम चंपारण जिले में नाकेबंदी कर दी गई है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। जिले के सभी थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रमुख सड़कों और सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की जांच और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अपराधियों के भागने के संभावित रास्तों का पता लगाया जा सके।------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779270 Articles

Share this story