जदयू की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, संजय झा फिर बने कार्यकारी अध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
जदयू की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, संजय झा फिर बने कार्यकारी अध्यक्ष


पटना, 22 अप्रैल (हि.स.)। बिहार की प्रमुख राजनीतिक पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू)) ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में संगठन में बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। इस फेरबदल को आगामी चुनावों के मद्देनज़र महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जदयू की नई टीम में संजय झा को एक बार फिर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, जहानाबाद के पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। गोपालगंज से सांसद आलोक कुमार सुमन को पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

पार्टी ने संगठन विस्तार के तहत इस बार 12 नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव और 8 नेताओं को सचिव बनाया है। महासचिव बनाए गए नेताओं में मनीष कुमार वर्मा, आफाक अहमद खान, श्याम रजक, अशोक चौधरी, रोशन सिंह कुशवाहा, राम सेवक सिंह, कविता देवी, कपिल हंसदेव पटेल, राज सिंह मान, सुनील कुमार उर्फ इंजीनियर सुनील, हर्षवर्धन सिंह और मौलाना गुलाम रसूल बलियावी शामिल हैं।

इसके अलावा राजीव रंजन प्रसाद को प्रवक्ता सह सचिव बनाया गया है। अन्य सचिवों में रवींद्र प्रसाद सिंह, विद्या सागर निषाद, दयानंद राय, संजय कुमार, मोहम्मद निसार, रूबी नागवंश और निवेदिता कुमारी (कटिहार) को जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी का मानना है कि इस नए संगठनात्मक ढांचे से जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत होगी और चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी। यह फेरबदल खास तौर पर आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर किया गया है, ताकि संगठन को और धार दी जा सके।

इधर, निशांत कुमार भी लगातार पार्टी गतिविधियों में सक्रिय नजर आ रहे हैं। वे पार्टी कार्यालय में बैठकों के साथ-साथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि वे अगले महीने बिहार यात्रा पर भी निकल सकते हैं, जिससे जदयू के जनसंपर्क अभियान को और गति मिलने की उम्मीद है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story