बिहार में आईएएस अधिकारियों का तबादला, दीपक कुमार सिंह राज्यपाल के प्रधान सचिव नियुक्त

WhatsApp Channel Join Now

बिहार, 22 मई (हि.स.)। बिहार सरकार ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के कई अधिकारियों का तबादला किया है। इसके साथ ही अनेक अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से शुक्रवार को अधिसूचना जारी की गई।

अधिसूचना के अनुसार, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दीपक कुमार सिंह को राज्यपाल का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा उन्हें महानिदेशक-सह-मुख्य जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

वहीं, आईएएस अधिकारी अरविन्द कुमार चौधरी को स्थानांतरित कर अपर मुख्य सचिव, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, बिहार, पटना के पद पर तैनात किया गया है। साथ ही उन्हें परीक्षा नियंत्रक, बिहार राज्य संयुक्त प्रवेश परीक्षा पर्षद तथा अध्यक्ष, बिहार कर्मचारी चयन आयोग का अतिरिक्त दायित्व भी दिया गया है।

डॉ. राजेन्दर, जो वर्तमान में अपर मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें अपर मुख्य सचिव, निगरानी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। उनके पास पहले से जन-शिकायत, बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी और बिपार्ड से संबंधित जिम्मेदारियां मौजूद हैं।

उद्योग विभाग के सचिव कुन्दन कुमार को गृह विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे पहले से बिहार फाउंडेशन, बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार तथा आधारभूत संरचना विकास प्राधिकार से जुड़े अतिरिक्त दायित्व निभा रहे हैं।

इधर, वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह को जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। हालांकि, वाणिज्य कर विभाग, जीएसटी तथा मुख्यमंत्री सचिवालय से जुड़ी उनकी अन्य जिम्मेदारियां पूर्ववत रहेंगी।

बिहार मानवाधिकार आयोग की सचिव सीमा त्रिपाठी को अगले आदेश तक सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, निलेश रामचंद्र देवरे को बिहार राज्य आवास बोर्ड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।

इसके अलावा, इनायत खान को विशेष सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि अरविन्द कुमार वर्मा को उद्योग विभाग में विशेष सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राजीव कुमार श्रीवास्तव को बिहार राज्य आवास बोर्ड के प्रबंध निदेशक पद से स्थानांतरित कर वित्त विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया है।

उधर, राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा को भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के अंतर्गत विकास आयुक्त (संयुक्त सचिव स्तर), नोएडा विशेष आर्थिक क्षेत्र, नोएडा के पद पर नियुक्त किए जाने के बाद नई पदस्थापना पर योगदान देने के लिए विरमित कर दिया गया है।

राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और विभागीय समन्वय को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story